LATEST NEWS

Bihar News: ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक को लगी गोली, पुलिस पर फूटा परिजनों का गुस्सा, जमकर काटा बवाल

Bihar News: युवक की मौत के बाद देखते ही देखते पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।...

Bhojpur Firing Youth Shot at Garhani Family Clashes With Pol
ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक को लगी गोली- फोटो : reporter

Bihar News: भोजपुर गड़हनी बाजार में सरेआम हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने घर लौट रहे एक युवक पर अचानक गोलियां चला दीं। इस वारदात में चरपोखरी थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार के कंधे में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही गड़हनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेने के लिए घायल युवक के परिजनों से बातचीत करने लगी। लेकिन पुलिस के पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

परिजनों का आरोप है कि सोनू कुमार के साथ पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। उस वक्त उन्होंने इसकी सूचना गड़हनी थाने को दी थी और पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों के मुताबिक न तो आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई और न ही किसी की गिरफ्तारी की गई।

अब उसी पुराने विवाद के बाद युवक पर गोली चलने की घटना ने परिजनों के सब्र का बांध तोड़ दिया। उनका आरोप है कि अगर पुलिस ने पहले ही शिकायत पर कार्रवाई की होती और आरोपितों पर शिकंजा कसा होता तो आज सोनू कुमार को गोली का शिकार नहीं होना पड़ता।बताया जा रहा है कि चरपोखरी थाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू कुमार किसी काम से गड़हनी बाजार गए थे। बाजार से वापस लौटने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान एक गोली सोनू के कंधे में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब वारदात के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। वहीं घायल के परिजन पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।सरेआम गोलीबारी और उसके बाद पुलिस के खिलाफ भड़का आक्रोश भोजपुर में अपराध पर लगाम लगाने के दावों के बीच कई सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से आरोपितों तक पहुंचती है और पूर्व की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के आरोपों की जांच किस तरह होती है।

रिपोर्ट-आशीष कुमार