Bihar News : आरा जिला घर बा...कवना बात के डर बा, प्लेटफॉर्म पर बेधड़क दौड़ाई जा रही बाइक, मूकदर्शक बना रेल प्रशासन
Bihar News : आरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए आते जाते हैं. उसी प्लेटफार्म पर लोग मोटरसाइकिल तेजी से ले जाते दिख रहे हैं....पढ़िए आगे

ARA : आरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर आरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जिस प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए आवाजाही करते हैं, उसी पर लोग धड़ल्ले से तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल चला रहे हैं।
वायरल हो रही इस तस्वीर और वीडियो में एक नहीं, बल्कि कई मोटरसाइकिल सवार खुलेआम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बाइक दौड़ाते नजर आ रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्लेटफॉर्म से सटी हुई सड़क के रास्ते लोग अपनी गाड़ियां सीधे प्लेटफॉर्म पर चढ़ा लेते हैं और जल्दी में शॉर्टकट अपनाने के चक्कर में ऐसा खतरनाक कदम उठाते हैं।
प्लेटफॉर्म पर इस तरह सरेआम बाइक का परिचालन होने के कारण वहां मौजूद यात्रियों की जान को हर वक्त बड़ा खतरा बना रहता है और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस गंभीर मामले को लेकर जब संवाद साधा गया, तो आरा आरपीएफ (RPF) के पोस्ट कमांडर दीपक कुमार ने बताया कि यह वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। पोस्ट कमांडर ने स्पष्ट किया कि वीडियो की सत्यता की पूरी जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों पर सख्त से सख्त उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी परिस्थिति में रेलवे प्लेटफॉर्म पर मोटरसाइकिलों का परिचालन नहीं करने दिया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाएगा।
बहरहाल, व्यस्त रेलवे प्लेटफॉर्म पर इस तरह से बाइकों के बेधड़क परिचालन ने एक बार फिर स्टेशन प्रशासन की कार्यशैली और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं, जिस पर समय रहते ठोस कदम उठाने की सख्त जरूरत है।
आशीष की रिपोर्ट
















