Patna Food Safety Raid:पटना में बिरयानी और होटल कारोबारियों पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, कई किचन बंद, कहीं बासी चिकन तो कहीं एक्सपायर्ड दूध मिला
Patna Food Safety Raid:पटना में लोगों की सेहत और खानपान की सुरक्षा को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है।...

Patna Food Safety Raid:पटना में लोगों की सेहत और खानपान की सुरक्षा को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। विभाग की टीम ने राजधानी के कई नामी बिरयानी प्रतिष्ठानों, होटलों, रेस्टोरेंट और रिटेल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर खाद्य सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी सामने आई। कहीं बासी और सड़ी-गली खाद्य सामग्री मिली, तो कहीं एक्सपायर्ड दूध, चीज और डेयरी क्रीम का इस्तेमाल किए जाने की आशंका पाई गई। कई प्रतिष्ठानों में रसोई की साफ-सफाई से लेकर खाद्य पदार्थों के भंडारण तक में गंभीर खामियां मिलीं।कार्रवाई के दौरान विभाग ने बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मिलने पर कुछ रेस्टोरेंट के किचन को दो से तीन दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
बिरयानी महल में 13 किलो चिकन और मटन जब्त
पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल में निरीक्षण के दौरान 13 किलोग्राम हाफ बॉयल्ड चिकन, 3 किलोग्राम वेज आइटम और डेढ़ किलोग्राम उबला हुआ मटन मिला। खाद्य सुरक्षा टीम ने पूरी सामग्री जब्त कर नष्ट करा दी। इसकी कुल कीमत करीब 3,150 रुपये बताई गई है।वहीं, एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे हुए मिले। इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य सामग्री के भंडारण से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने कच्चे बासमती चावल का नमूना जांच के लिए लिया।एसके पुरी और बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल में भी अनियमितताएं मिलीं। यहां पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र और कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। टीम ने चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे।
बिरयानी मॉल और कोलकाता बिरयानी महल के किचन बंद
फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में खाद्य सुरक्षा टीम को एक्सपायर्ड दूध, अमूल चीज और डेयरी क्रीम मिली। विभाग ने 3 किलोग्राम एक्सपायर्ड दूध, 1 किलोग्राम चीज और 1 किलोग्राम डेयरी क्रीम समेत अन्य सामग्री जब्त कर नष्ट करा दी। जब्त सामग्री की कीमत करीब 2,000 रुपये बताई गई है। यहां से कच्चे चिकन के दो नमूने भी जांच के लिए भेजे गए। गंभीर खामियां मिलने पर प्रतिष्ठान का किचन तीन दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया गया।इसी तरह बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल की रसोई में साफ-सफाई की स्थिति बेहद असंतोषजनक मिली। पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने रॉ चिकन और मिर्च पाउडर के नमूने लिए। अस्वच्छ किचन को देखते हुए दो दिनों तक रसोई बंद रखने का आदेश दिया गया।
अनमोल होटल में 36,650 रुपये की खाद्य सामग्री नष्ट
पटना के बुद्ध मार्ग स्थित मेसर्स अनमोल होटल में विभाग की कार्रवाई के दौरान सबसे अधिक मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई। यहां 350 किलोग्राम पनीर, 8 किलोग्राम रोस्टेड चिकन, 15 किलोग्राम ग्रेवी, 10 किलोग्राम कच्चा चिकन समेत कई खाद्य पदार्थ मिले। इसके अतिरिक्त मंचूरियन मसाला, व्हाइट ग्रेवी मिक्स, पनीर फ्राई, मशरूम, कटी सब्जियां और अन्य सामग्री भी जब्त कर नष्ट कराई गई।विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, जब्त खाद्य सामग्री की कुल कीमत 36,650 रुपये थी। प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। विभाग ने प्रतिष्ठान को सात दिनों का सुधार नोटिस जारी किया है। पनीर और चिकन के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
मटन महल, टेस्टी ट्रीट और बिग बास्केट में भी मिली गड़बड़ी
बिहार म्यूजियम के सामने स्थित मटन महल से सरसों तेल का नमूना जांच के लिए लिया गया। प्रतिष्ठान को खाद्य अनुज्ञप्ति बनवाने और सात दिनों के भीतर जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे में सड़ी-गली खाद्य सामग्री मिली। यहां से 2 किलोग्राम चिकन, 1 किलोग्राम पीली दाल, 1 किलोग्राम पकी हुई मछली और 3 किलोग्राम ग्रेवी जब्त कर नष्ट कराई गई। इसकी कीमत करीब 1,000 रुपये बताई गई है। आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। FEFO और FIFO नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे। टीम ने सरसों तेल, पिस्ता-बादाम, चीनी और मिक्स दाल के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
मुजफ्फरपुर की एआर बेकरी पर भी कार्रवाई
खाद्य संरक्षा विभाग का अभियान पटना तक सीमित नहीं रहा। मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित एआर बेकरी में भी निरीक्षण किया गया। यहां बिकाजी भुजिया और थम्स अप, स्प्राइट तथा माजा जैसे पेय पदार्थों समेत खाद्य सामग्री में अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने संबंधित सामग्री जब्त कर नष्ट करा दी। इसकी कुल कीमत करीब 2,100 रुपये बताई गई है।
खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत
खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना हर खाद्य कारोबारी की जिम्मेदारी है। सभी प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई, उचित भंडारण और कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन करना होगा। विभाग की इस कार्रवाई से होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों में हड़कंप मचा है। आने वाले दिनों में भी निरीक्षण और जांच अभियान जारी रहने की संभावना है। वहीं, उपभोक्ताओं के लिए यह कार्रवाई इस लिहाज से अहम है कि उनके भोजन की गुणवत्ता और सेहत से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों पर विभाग की नजर बनी हुई है।
















