स्कूल की कथित लापरवाही से छात्रा गंभीर घायल, बरामदे में पड़े धारदार चदरा से कटा हाथ, प्रधानाध्यापक व संवेदक पर शिकायत

Bihar School News: भागलपुर में एक सरकारी विद्यालय में कथित लापरवाही के कारण एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। ...

Bhagalpur School Negligence Leaves Bihar Student Seriously I
स्कूल की कथित लापरवाही से छात्रा गंभीर घायल- फोटो : reporter

Bihar School News: भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल में एक सरकारी विद्यालय में कथित लापरवाही के कारण एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया मकंदपुर स्थित श्री लाल जी उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को कक्षा में जाते समय छात्रा फिसलकर गिर गई और बरामदे में खुले में रखे धारदार चदरा (टिन शीट) की चपेट में आने से उसका हाथ बुरी तरह कट गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण छात्रा की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घायल छात्रा की पहचान साक्षी कुमारी, पिता दीपक कुमार, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय के शिक्षकों ने तत्काल छात्रा को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, गहरे जख्म और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Diarch GO

छात्रा के पिता दीपक कुमार ने विद्यालय प्रबंधन और निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक (ठेकेदार) पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बरामदे में धारदार चदरा खुले में पड़ा था, जिससे उनकी बेटी ठोकर खाकर गिर गई। गिरते ही चदरा का नुकीला हिस्सा उसके हाथ में धंस गया और गंभीर चोट लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।इस बीच भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल भी अस्पताल पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं भाजपा नेता रंजीत झा ने कहा कि यदि धारदार चदरा छात्रा के शरीर के किसी अन्य हिस्से में लगता, तो इससे कहीं बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने विद्यालय परिसर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठाए।

NSIT
Nsmch

फिलहाल छात्रा का उपचार जारी है और परिजन सदमे में हैं। मामले को लेकर छात्रा के पिता ने प्रधानाध्यापक और निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अब जांच के बाद ही तय होगा कि इस घटना के लिए किसकी जिम्मेदारी बनती है।

रिपोर्ट- बालमुकुंद शर्मा