Breaking News: संसद में धमाके की मिली धमकी, दिल्ली को खालिस्तान बनाने की चेतावनी, अलर्ट मोड पर पुलिस
Breaking News: दिल्ली में एक बार फिर 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। साथ ही आरोपियों ने संसद में भी धमाके की धमकी दी है। ईमेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की चेतावनी दी गई है।

Breaking News: राजधानी दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी अनुसार दिल्ली में एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। दिल्ली पुलिस को आज सुबह एक ईमेल मिला है जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। जानकारी अनुसार करीब 9 स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई है। इन ईमेल में संसद में धमाका करने की बात भी कही गई है। संदेश में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु का नाम लेते हुए आपत्तिजनक बातें लिखी गईं और “दिल्ली बनेगा खालिस्तान” जैसे नारे भी दर्ज किए गए हैं।
अलर्ट मोड पर पुलिस
दिल्ली पुलिस के अनुसार, धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते की टीमों को सभी संबंधित स्कूलों में तुरंत भेजा गया। सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों की गहन जांच की, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
13 को संसद को उड़ाने की धमकी
मिली जानकारी अनुसार स्कूलों को भेजे गए ईमेल में कई आपत्तिजनक बातें भी लिखी गई है। ईमेल में 'दिल्ली बनेगा खालिस्तान। पंजाब खालिस्तान है। अफजल गुरु की याद में।' लिखा गया है। वहीं ई मेल में दावा किया गया है कि संसद में 13 तारीख को धमाका होगा। ईमेल भेजने वाले ने लिखा है कि 13 फरवरी को दोपहर 1:11 संसद में धमाका होगा। गौरतलब है कि 2001 में संसद पर हुए हमले की तारीख भी 13 ही थी, हालांकि महीना दिसंबर का था।
लगातार मिल रही धमकियां
गौरतलब है कि हाल के दिनों में दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ईमेल भेजने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।















