मंत्री लखींद्र पासवान पर बड़ा आरोप, यूट्यूबर पत्रकार ने चलाई खराब सड़क की खबर तो फर्जी मामले में उठा ले गई पुलिस, तेजस्वी यादव भड़के
तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वैशाली के एक यूट्यूबर पत्रकार का मामला उठाया। पत्रकार ने आरोप लगाया कि 19 तारीख की रात पुलिस उसके घर पहुंची और उस पर रिवॉल्वर तान दिया। इस दौरान उसकी मां और बहन को कथित तौर पर गालियां दी गईं।

Bihar News : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य के मंत्री लखींद्र पासवान पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार और बिहार पुलिस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने वैशाली के एक यूट्यूबर पत्रकार के मामले का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मंत्री के दबाव में पुलिस ने पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई की और उसे फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा गया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में पुलिसिया अत्याचार बढ़ रहा है और एनडीए सरकार में पुलिस की छवि अपराधियों जैसी बनती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी एनकाउंटर, फर्जी मुकदमे और लोगों को झूठे मामलों में फंसाने जैसी घटनाएं हो रही हैं। तेजस्वी ने कहा कि अब हिरासत में हत्या तक के आरोप सामने आ रहे हैं और पुलिस किसी को फंसाने के लिए कुछ भी कर सकती है।
यूट्यूबर पत्रकार ने सुनाई आपबीती
तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वैशाली के एक यूट्यूबर पत्रकार का मामला उठाया। पत्रकार ने आरोप लगाया कि 19 तारीख की रात पुलिस उसके घर पहुंची और उस पर रिवॉल्वर तान दिया। इस दौरान उसकी मां और बहन को कथित तौर पर गालियां दी गईं। इसके बाद थाना प्रभारी उसे खींचकर थाने ले गए। पत्रकार के मुताबिक, जब उसके परिवार के लोग थाने पहुंचे तो पुलिस ने बताया कि उसे दूसरे थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मी लेकर आए हैं। उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने गाड़ी में उसके साथ मारपीट की और फिर दूसरे थाने में बंद कर दिया।
पत्रकार ने दावा किया कि उसे तीन विकल्प दिए गए। इनमें एक लड़की-लड़के के मामले में अपना नाम शामिल करने, दूसरा हत्या के मामले में शामिल होने और तीसरा उसके घर से कट्टा बरामद होने की बात स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। पत्रकार के अनुसार, बाद में उस पर फर्जी केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। उसने दावा किया कि अदालत में मामले फर्जी पाए गए और कोर्ट ने उसे बॉन्ड पेपर पर रिहा कर दिया।
मंत्री पर पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप
यूट्यूबर पत्रकार ने इस मामले में स्थानीय नेता और मंत्री लखींद्र पासवान का नाम लिया। उसके मुताबिक, विधानसभा क्षेत्र की सड़क से जुड़ी समस्या को लेकर वह वीडियो बना रहा था, जिससे मंत्री नाराज थे। पत्रकार ने आरोप लगाया कि मंत्री के दबाव में पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की। तेजस्वी यादव ने इसी मामले को लेकर मंत्री लखींद्र पासवान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री की ओर से पुलिस पर दबाव बनाने की बात सामने आती है तो सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए। तेजस्वी ने लखींद्र पासवान के विधानसभा में माइक तोड़ने की घटना का भी जिक्र किया और सवाल किया कि ऐसे मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी और डीएसपी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
तेजस्वी ने कहा कि अगर थाना प्रभारी और डीएसपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो आरजेडी आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वैशाली बंद कराया जाएगा। हालांकि, इन आरोपों पर सरकार, मंत्री लखींद्र पासवान और संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
'पुलिस पर जनता का विश्वास उठता जा रहा'
तेजस्वी यादव ने कहा कि पुलिस के खिलाफ लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं और इससे जनता का पुलिस पर विश्वास कम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरजेडी ऐसे मामलों को चुपचाप सहन नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने जाले के एक मंत्री पर भी पत्रकार को कथित तौर पर गाली देने का आरोप लगाते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाया।















