नवादा में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, कॉलेज विवाद में वारदात की आशंका
नवादा जिले में बेखौफ अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने एक 25 वर्षीय युवक की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना के बाद इलाके मे हड़कंप मचा हुआ है......

Nawada : जिले के कचहरी रोड पर मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हिसुआ निवासी शिक्षक मनीष भारती के लगभग 25 वर्षीय छोटे पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है। सरेराह हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पीठ में गोली मार की गई हत्या, कॉलेज विवाद से जुड़े तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने पीयूष कुमार की पीठ में गोली मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, कॉलेज में छात्रों के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कॉलेज विवाद की रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
शिक्षक पुत्र की हत्या से परिवार में कोहराम
शिक्षक मनीष भारती के युवा पुत्र की अचानक हुई इस निर्मम हत्या से मृतक के घर में मातम छा गया है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस, साक्ष्य जुटाने में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना की पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी बोले- जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
मामले की जानकारी देते हुए हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से तहकीकात कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों तथा इसमें शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि छापेमारी जारी है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट










