Bihar Crime: बिहार में अर्धनग्न हालत में युवती का शव मिलने से सनसनी, सिर कुचलकर हत्या की आशंका
Bihar Crime:समस्तीपुर जिले में एक युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ...

Bihar Crime:समस्तीपुर जिले में एक युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। शव के पास ही उसकी जींस, शर्ट और चप्पल भी मिली हैं।
घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मूसेपुर ढाव के पास की है। सुबह शौच के लिए निकले कुछ लोगों ने सड़क से हटकर एक जगह युवती का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम और सदर डीएसपी-2 संजय कुमार मौके पर पहुंचे।
सिर पर गंभीर चोट के निशान, भारी वस्तु से हमले की आशंका
पुलिस के अनुसार, युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे आशंका है कि किसी वजनदार चीज से उस पर हमला किया गया। घटनास्थल पर शव के पास युवती की चप्पल और कपड़े भी मिले हैं। उसके शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे, जबकि जींस और शर्ट अलग रखे हुए थे।
दूसरे स्थान से शव लाकर फेंकने की आशंका
घटनास्थल मुख्य सड़क से करीब 50 मीटर अंदर स्थित है। यह जगह बांध के रास्ते समस्तीपुर-दरभंगा जाने वाली बाईपास सड़क के आसपास है। इलाके में आमतौर पर लोगों की आवाजाही कम रहती है। इसी वजह से पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी दूसरी जगह की गई और बाद में शव को यहां लाकर छोड़ दिया गया।अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने और कपड़े अलग पड़े होने के कारण पुलिस यौन हिंसा के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले युवती के साथ यौन हिंसा हुई थी या नहीं।
पहचान कराने में जुटी पुलिस, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही आसपास के गांवों और इलाकों में युवती की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवती को किसी दूसरे स्थान से लाकर यहां उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि यौन हिंसा की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, मृतका की पहचान और घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
















