Bihar Crime News : शेखपुरा में बाइक से घर लौट रहे युवक पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाज के दौरान हुई मौत

Bihar Crime News : शेखपुरा में मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जहाँ एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई....पढ़िए आगे

Bihar Crime News : शेखपुरा में बाइक से घर लौट रहे युवक पर बद
युवक की हत्या - फोटो : UMESH

SHEKHAPURA : बिहार के शेखपुरा जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कारे गांव के समीप रविवार को एक मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। यहाँ पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है और मामले की वैज्ञानिक जांच व आरोपितों की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है।

मृतक युवक की पहचान कारे गांव निवासी राजेंद्र शर्मा के 30 वर्षीय पुत्र उत्तम कुमार के रूप में की गई है। चश्मदीदों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तम कुमार रविवार को अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी बीच, मटोखर गांव के समीप पहले से ही घात लगाए बैठे सशस्त्र आरोपितों ने उनकी बाइक को जबरन रोक लिया और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले में एक गोली सीधे उत्तम कुमार के दाहिने पैर में जा लगी।

Diarch GO

गोली लगने से उत्तम कुमार लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े, जिसके बाद सभी हमलावर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल युवक को उनके दोस्त और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में इलाज के लिए एक नजदीकी निजी क्लिनिक ले जाया गया। हालांकि, तब तक अत्यधिक खून बह जाने के कारण उत्तम कुमार की स्थिति बेहद नाजुक हो चुकी थी और वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के साथ बाइक पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी दोस्त ने पुलिस को बताया कि उत्तम कुमार का पूर्व में उदय यादव के भांजे के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी प्रतिशोध और रंजिश में आकर उदय यादव, अपने भांजे रोबिन कुमार, कारे गांव निवासी सुलो बिंद तथा कुछ अन्य अज्ञात सहयोगियों के साथ वहां हथियार बंद होकर पहुंचा था और योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

NSIT
Nsmch

वारदात की सूचना पाते ही नगर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से कारे गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मुस्तैद है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।

उमेश की रिपोर्ट