LATEST NEWS

ओवरटेक बना काल! कांवरियों से भरी बस पेड़ से टकराई, 40 से अधिक श्रद्धालु घायल, देवघर से राजगीर जा रहे थे भक्त

Bihar Road Accident: बाबा बैद्यनाथ धाम में जल चढ़ाकर राजगीर कुंड स्नान के लिए लौट रहे कांवरियों के जत्थे को एक दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा।

Bihar Road Accident
40 से अधिक श्रद्धालु घायल- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: बाबा बैद्यनाथ धाम में जल चढ़ाकर राजगीर कुंड स्नान के लिए लौट रहे कांवरियों के जत्थे को एक दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं से भरी बस शेखपुरा जिले के बगहिया गांव के पास ओवरटेक के चक्कर में अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई, जिससे बस में सवार 40 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए।

यातायात थाना अध्यक्ष एसके शाह के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब एक पिकअप वाहन ने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे तार के पेड़ से जा भिड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही कुसुंभा थाना पुलिस, डायल 112, यातायात पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को शेखपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया।अस्पताल प्रबंधक धीरज कुमार ने तत्काल लू वार्ड, वृद्धा वार्ड और बड़े वार्ड खुलवाकर इलाज शुरू करवाया।

घायलों में गोपालगंज जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया और शेख परसा गांव के लोग शामिल हैं। घायलों में लाल नारायण साह, इंद्र कुमार पासवान, धर्मजीत साहू, विक्रम प्रसाद, सोमनाथ यादव, संतोष श्रीवास्तव, रंजीत, अर्जुन प्रसाद, भारत प्रसाद, जयराम यादव, मिथिलेश कुमार, उपेंद्र प्रसाद, सुनील कुशवाहा और म्यूजिक कुमार समेत कई लोग शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सभी का इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

रिपोर्टर -उमेश कुमार