Bihar Politics:बिहार की सियासत में कुर्सी का खेल, 10 अप्रैल तक होगा सीएम का फैसला,मनोज तिवारी का बड़ा बयान
Bihar Politics: बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री के ताज को लेकर सियासी गलियारों में हलचल के बीच 10 अप्रैल तक यह राज खुल जाएगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा...

Bihar Politics: बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री के ताज को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। रोहतास के डेहरी से मनोज तिवारी ने ऐसा इशारा दिया है, जिसने सत्ता के समीकरणों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि 10 अप्रैल तक यह राज खुल जाएगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
मनोज तिवारी ने नीतीश कुमार की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें अपना नेता बताया। उन्होंने कहा कि जिस मुश्किल दौर में बिहार की बागडोर नीतीश कुमार के हाथ में आई थी, उस वक्त हालात बेहद नाजुक थे, लेकिन उन्होंने अपनी सियासी दूरअंदेशी और तजुर्बे से प्रदेश की तस्वीर बदल दी। आज बिहार की जो इमेज बनी है, उसमें नीतीश कुमार का बड़ा किरदार है और यही वजह है कि जनता भी उनकी सराहना कर रही है।
उम्र को लेकर उठ रहे सवालों पर भी मनोज तिवारी ने दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उम्र तो हर इंसान के साथ बढ़ती है, लेकिन काबिलियत और तजुर्बा ही असली पैमाना होता है। नीतीश कुमार आज भी उसी सियासी दमखम के साथ काम कर रहे हैं।
विपक्ष के परिवारवाद वाले आरोपों पर तिवारी ने पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग खुद अपने खानदान को सत्ता के हर ओहदे पर बिठाते रहे हैं, वही आज नैतिकता का सबक दे रहे हैं। ऐसे आरोप दरअसल सियासी ‘मक्कारी’ और जनता को गुमराह करने की कोशिश है। डेहरी में एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया यह बयान अब बिहार की राजनीति में नई बहस को जन्म दे चुका है। 10 अप्रैल की तारीख को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है और हर कोई इस बात का इंतजार कर रहा है कि आखिर कुर्सी का असली हकदार कौन होगा।
रिपोर्ट- रंजन कुमार















