पटना नदी थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चार शातिर बदमाशों को दबोचा
पटना की नदी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग आपराधिक मामलों में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास चोरी और छिनतई के कई आभूषण और सामान लदा पिकअप वाहन बरामद किया है....

Patna : राजधानी पटना के नदी थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय चोरों और स्नेचर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग आपराधिक मामलों में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से चोरी के चांदी के आभूषण, छीना गया सोना और चोरी का सामान लदा एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है।
दो साल के मासूम के आभूषण चोरी मामले में शिवम गिरफ्तार
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 31 अगस्त 2026 को नदी थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें पीड़ित के दो वर्षीय बच्चे के हाथ से दो चांदी के आभूषण चोरी होने की बात कही गई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने 22 वर्षीय शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से बच्चे के दोनों चोरी हुए चांदी के आभूषण बरामद कर लिए।
फतुहा में बुजुर्ग महिला से छीनी गई जिउतिया बरामद, सर्राफा कारोबारी अरेस्ट
आरोपी से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण से पुलिस को एक पुराने मामले में भी सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, करीब 20 दिन पहले फतुहा के पास एक बुजुर्ग महिला से छीनी गई सोने की जिउतिया को कच्ची दरगाह स्थित एक दुकान पर बेचने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी कर दुकानदार मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया और छीने गए आभूषण से संबंधित गला हुआ सोना भी बरामद कर लिया।
टेढ़ीपुल पर वाहन जांच के दौरान पिकअप छोड़ भाग रहे दो दबोचे गए
इसी क्रम में नदी थाना पुलिस ने टेढ़ीपुल के पास चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। पुलिस को देखते ही चालक और उसका साथी गाड़ी छोड़कर भागने लगे, लेकिन सशस्त्र पुलिस बल ने दौड़ाकर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद इफ्तियाज और अमित कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि पिकअप पर लदा सामान चोरी का है, जिसे वे बेचने ले जा रहे थे।
आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस प्रकार नदी थाना पुलिस की चौतरफा कार्रवाई में कुल चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ-साथ चोरी के आभूषण, गला हुआ सोना, भारी मात्रा में चोरी का सामान और पिकअप वाहन जब्त किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार सभी चारों आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास की कुंडली खंगाल रही है। इसके साथ ही इस गिरोह के तार किन-किन अन्य अपराधियों और नेटवर्क से जुड़े हैं, इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है।
रजनीश की रिपोर्ट










