LPG Price: एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़े,सितंबर के पहले दिन ही लोगों को लगा झटका,चेक कीजिए नया रेट

LPG Price: सितंबर महीने की शुरुआत होते ही LPG उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है।

LPG Shock Cylinder Prices Rise
एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़े- फोटो : social Media

LPG Price: सितंबर महीने की शुरुआत होते ही LPG उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 सितंबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के मुताबिक, देशभर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 9.50 रुपये तक बढ़ाई गई है। हालांकि आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है, क्योंकि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई तब्दीली नहीं की गई है।नए रेट लागू होने के बाद होटल, रेस्तरां, ढाबा, कैंटीन और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर खर्च का बोझ बढ़ सकता है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में मामूली इजाफा भले ही नजर आ रहा हो, लेकिन लगातार बढ़ती लागत के बीच कारोबारियों के लिए यह बढ़ोतरी परेशानी का सबब बन सकती है। इसका असर आगे चलकर खान-पान की चीजों की कीमतों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

पटना में कमर्शियल LPG सिलेंडर का नया रेट 3,044 रुपये हो गया है। यानी राजधानी में व्यावसायिक गैस इस्तेमाल करने वालों को अब पहले की तुलना में अधिक रकम चुकानी होगी। वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों में भी 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Diarch GO

दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 2,747.50 रुपये का हो गया है। इससे पहले अगस्त में इसकी कीमत 2,738 रुपये थी। इसी तरह चेन्नई में कमर्शियल LPG सिलेंडर का दाम बढ़कर 2,916.50 रुपये हो गया है, जबकि पिछले महीने यह 2,906 रुपये में मिल रहा था।

उधर, 5 किलो और 10 किलो वाले सिलेंडरों में अधिकांश श्रेणियों के दाम स्थिर रखे गए हैं। 5 किलो वाला सामान्य LPG सिलेंडर अभी भी 349.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं XTRALITE की कीमत 339 रुपये पर बरकरार है। हालांकि 5 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक भरे हुए सिलेंडर की कीमत में भी हल्की बढ़ोतरी हुई है। इसका रेट 762 रुपये से बढ़कर 764 रुपये हो गया है।

NSIT
Nsmch

दिलचस्प बात यह है कि सबसे सस्ता घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर मुंबई में बताया गया है। मुंबई में घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2,701 रुपये का है। अगस्त में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,691.50 रुपये थी।

वहीं लेह में LPG सबसे महंगा है। यहां घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 1,179 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,385.50 रुपये का है। दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत फिलहाल 942 रुपये पर स्थिर है।

इस तरह सितंबर की शुरुआत में घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को राहत मिली है, लेकिन कारोबारियों की जेब पर महंगाई की नई मार पड़ी है। आने वाले दिनों में इस बढ़ोतरी का असर बाजार में खाद्य और खान-पान से जुड़ी वस्तुओं की कीमतों पर कितना पड़ता है, इस पर भी नजर रहेगी।