पटाखा फैक्ट्री धमाका में 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी का एनकाउंटर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान गोली नौशाद के पैर में लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

Kaushambi Firecracker Factory Blast
Kaushambi Firecracker Factory Blast- फोटो : news4nation

Kaushambi Firecracker Factory Blast : पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नौशाद अली का एनकाउंटर करने के बाद उसे पकड़ा है। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके के मामले में  11 लोगों की मौत हुई थी। यह कार्रवाई मंगलवार, 1 सितंबर की सुबह करीब चार बजे हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके का मुख्य आरोपी चरवा थाना क्षेत्र में 13 मील सराय अकिल मार्ग से भागने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।


पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान गोली नौशाद के पैर में लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घायल आरोपी की पहचान नौशाद अली, पिता निजामुद्दीन, निवासी महमतपुर मनौरी के रूप में हुई है। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। 

Diarch GO


वहीं  मामले में लापरवाही बरतने पर एक इंस्पेक्टर, 6 दरोगा समेत 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है.


31 अगस्त को हुआ था भीषण धमाका


पूरा मामला कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के महमतपुर मनौरी गांव का है। यहां 31 अगस्त को एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ था। धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। घटना इतनी भयावह थी कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य आरोपियों की तलाश के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। ये टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

NSIT
Nsmch


इसी अभियान के दौरान पुलिस को मंगलवार तड़के नौशाद के बारे में अहम सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


बाकी आरोपियों की तलाश जारी


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नौशाद से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पटाखा फैक्ट्री में हुए इस भीषण हादसे के पीछे किन लोगों की भूमिका थी और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई।


पुलिस ने साफ किया है कि मामले में कार्रवाई जारी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब अन्य आरोपियों की तलाश में भी पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।