छात्रों के सीएम आवास के घेराव से पहले TRE-4 में बड़ा ऐलान, अभ्यर्थियों की मांग पर सरकार का बड़ा दांव, पढ़िए

Bihar TRE 4: बिहार में शिक्षक बहाली का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा ऐलान किया है। ...

Bihar TRE 4
TRE-4 में बड़ा ऐलान- फोटो : social Media

Bihar TRE 4: बिहार में शिक्षक बहाली का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा ऐलान किया है। TRE-4 यानी शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में रिक्त पदों की संख्या बढ़ा दी गई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अभ्यर्थियों की लगातार मांग और विभागीय समीक्षा के बाद अब कुल 33 हजार 274 पदों पर नियुक्ति के लिए बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC को आधिकारिक अधियाचना भेज दी गई है।पहले TRE-4 के प्रथम चरण के विज्ञापन के लिए 32 हजार 388 पदों की अधियाचना भेजी गई थी। लेकिन अभ्यर्थियों की मांग और रिक्तियों की समीक्षा के बाद इसमें 886 नए पद जोड़ दिए गए। इस बढ़ोतरी के साथ कुल रिक्तियों का आंकड़ा 33,274 तक पहुंच गया है।यह फैसला ऐसे वक्त आया है जब शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच पदों की संख्या और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर लगातार बेचैनी बनी हुई थी। अब अतिरिक्त पद जुड़ने से हजारों अभ्यर्थियों के लिए भर्ती की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

सरकार ने साफ किया—प्रक्रिया रहेगी पारदर्शी

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक नियुक्ति परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया की जिम्मेदारियों को भी स्पष्ट किया। उनके मुताबिक यह पूरी प्रक्रिया दो स्तरों पर संचालित होती है।पहले चरण में शिक्षा विभाग राज्य में उपलब्ध रिक्तियों का आकलन करता है और उसके आधार पर BPSC को अधियाचना भेजता है। इसके बाद परीक्षा आयोजित करने, अभ्यर्थियों का चयन करने और परीक्षा प्रक्रिया को संचालित करने की जिम्मेदारी बिहार लोक सेवा आयोग की होती है।यानी रिक्तियों का हिसाब-किताब शिक्षा विभाग के स्तर पर तैयार होता है, जबकि भर्ती परीक्षा और चयन की कमान BPSC के हाथ में रहती है।

Diarch GO

आलोचनाओं के बीच सरकार का बड़ा पलटवार

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कुछ वर्गों की ओर से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर अनावश्यक माहौल बनाया जा रहा था और विभाग पर सवाल उठाए जा रहे थे। उनके मुताबिक संशोधित रिक्तियों की घोषणा के बाद इन आलोचनाओं पर विराम लगना चाहिए।सरकार की ओर से इस फैसले को युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के तौर पर पेश किया गया है। खासकर वे अभ्यर्थी, जो लंबे समय से TRE-4 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे थे, उनके लिए यह फैसला राहत लेकर आया है।

अब BPSC की अगली चाल पर नजर

अब संशोधित 33,274 पदों के आधार पर BPSC आगे की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। अभ्यर्थियों की निगाहें अब विज्ञापन, परीक्षा कार्यक्रम और संशोधित रिक्तियों के अनुसार चयन प्रक्रिया की अगली घोषणा पर टिकी हैं।कुल मिलाकर TRE-4 में 886 पदों की बढ़ोतरी ने शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच नई उम्मीद जगा दी है। अब असली परीक्षा यह होगी कि संशोधित रिक्तियों के बाद BPSC भर्ती प्रक्रिया को कितनी तेजी और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाता है।

NSIT
Nsmch