Bihar News : पटना में गंगा नदी में डूबने से फुलवारीशरीफ के युवक की हुई मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

Bihar News : पटना में गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक इरफान की डूबने से मौत हो गयी है। इरफान फुलवारी शरीफ के गयास नगर का रहने वाला था......पढ़िए आगे

Bihar News : पटना में गंगा नदी में डूबने से फुलवारीशरीफ के य
डूबने से युवक की मौत - फोटो : ANIL

PATNA : राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेपी गंगा पथ स्थित गंगा नदी में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ गहरे पानी में चले जाने से इरफान नामक एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक फुलवारीशरीफ के गयास नगर का रहने वाला था और एक मुर्गी की दुकान पर काम करके अपने परिवार का हाथ बंटाता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

परिजनों ने दोस्तों पर जताया हत्या का संदेह

मृतक के परिजनों ने इस घटना को महज़ एक दुर्घटना मानने से इंकार करते हुए इरफान के तीन दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर दीघा थाना पुलिस ने तीनों दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के पिता के अनुसार, इरफान दोपहर करीब 1:30 बजे घर से किराने का सामान खरीदने के लिए 9,000 रुपये लेकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिवार में चिंता बढ़ गई।

Diarch GO

फोन कॉल से खुला गंगा में डूबने का राज

रात करीब 9:30 बजे जब इरफान की बहन ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, तो फोन इरफान के एक दोस्त ने उठाया। जब बहन ने इरफान के बारे में पूछा, तो दोस्त ने बताया कि इरफान गंगा नदी में डूब गया है। यह सुनते ही परिजन घबराकर तुरंत दीघा घाट पहुँचे, जहाँ उन्होंने देखा कि इरफान की मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि पैसों के लेन-देन या आपसी रंजिश के कारण यह घटना घटित हुई हो सकती है।

पुलिस और नाविक के अनुसार हादसे की वजह

वहीं दीघा थानाध्यक्ष ने घटना के संबंध में बताया कि चारों दोस्त एक साथ घूमने के लिए दीघा घाट आए थे। इस दौरान इरफान गंगा नदी में नहाने जाने लगा। तीनों दोस्तों ने उसे गहरे पानी में जाने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माना और नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों और एक स्थानीय नाविक ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन रात के अंधेरे के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

NSIT
Nsmch

पुलिस ने दर्ज किया गैर-इरादतन हत्या का मामला

फिलहाल परिजनों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर दीघा थाना पुलिस ने इरफान के तीनों दोस्तों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और दोस्तों से पूछताछ के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा।

पटना से अनिल की रिपोर्ट