पटना पुलिस की 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई : 55 अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार, शराब और बालू जब्त

Patna : राजधानी पटना में अपराध को नियंत्रण को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विगत 24 घंटों के भीतर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में कुल 55 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न संगीन आपराधिक मामलों में वांछित अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा है।
हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामलों में बड़ी सफलता
गिरफ्तार अभियुक्तों में हत्या मामले के 2, हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) के 32, आर्म्स एक्ट के 2, वाहन चोरी के 1 और विविध मामलों के 23 आरोपी शामिल हैं। इनमें दानापुर, बिहटा, मनेर, नौबतपुर, पालीगंज और दुल्हिन बाजार थानों के कई मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद अभियुक्तों को दबोचने में पुलिस को सफलता मिली है।
देशी कट्टा, कारतूस, शराब और बालू जब्त
वहीं विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1 देशी कट्टा, 9 जिंदा कारतूस, 2 खोखा और 4 वाहन बरामद किए हैं। इसके अलावा अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए 300 लीटर देशी शराब, 6.750 लीटर विदेशी शराब और 100 CFT अवैध बालू जब्त किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत पुलिस ने ₹21,000 का जुर्माना भी वसूला है।
46 वारंटों का निष्पादन, भगोड़ों पर कसता शिकंजा
न्यायालय से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के तहत पुलिस टीम ने कुल 46 वारंटों का निष्पादन किया है, जिनमें 17 जमानती (BW) और 29 गैर-जमानती (NBW) वारंट शामिल हैं। इसके साथ ही गंभीर मामलों में नामजद 2 अभियुक्तों ने न्यायालय और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।
अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा पटना पुलिस का सख्त अभियान
पटना पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन में सुरक्षा का अहसास कराने के लिए इस प्रकार की सख्त पुलिसिंग आगे भी जारी रहेगी। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति अपनाते हुए सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त और छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं।
रंजीत की रिपोर्ट











