पटना बेऊर जेल में रक्षाबंधन पर उमड़ी परिजनों की भीड़, बहनों ने भाइयों की कलाई पर सजाया रक्षा सूत्र

रक्षाबंधन का पावन पर्व राजधानी पटना के बेऊर आदर्श केंद्रीय कारा में बड़े ही उत्साह और भावुक माहौल में मनाया गया।इस विशेष मौके पर बंदियों से मुलाकात के लिए लगभग 450 परिजनों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसके आधार पर उन्हें मिलने की अनुमति दी गई...

पटना बेऊर जेल में रक्षाबंधन पर उमड़ी परिजनों की भीड़, बहनों
पटना बेऊर जेल में रक्षाबंधन पर उमड़ी परिजनों की भीड़- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के बेऊर आदर्श केंद्रीय कारा में रक्षाबंधन का पावन पर्व बड़े ही उत्साह और भावुक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर अपने बंदी भाइयों और बहनों से मिलने के लिए परिजनों की भारी भीड़ बेऊर जेल परिसर में पहुंची। रक्षाबंधन के इस विशेष मौके पर बंदियों से मुलाकात के लिए लगभग 450 परिजनों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसके आधार पर उन्हें मिलने की अनुमति दी गई।


बहनों ने भाइयों की कलाई पर सजाया रक्षा सूत्र 

सुबह से ही जेल परिसर में बहनों और परिजनों का तांता लगा रहा। मुलाकात के दौरान बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों की कलाई पर पवित्र रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र, अच्छी सेहत और रिहाई की कामना की। काफी समय बाद एक-दूसरे से मिलकर भाई और बहन भावुक हो उठे, जिससे सलाखों के पीछे भी रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और स्नेह से भर गया।


Diarch GO

महिला बंदियों ने भी बांधी भाइयों को राखी 

कार्यक्रम के दौरान केवल बाहर से आईं बहनों ने ही नहीं, बल्कि बेऊर जेल में निरुद्ध महिला बंदियों ने भी जेल पहुंचे अपने भाइयों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर पर्व की परंपरा निभाई। जेल प्रशासन द्वारा इस पावन अवसर पर ऐसी व्यवस्था की गई थी कि बंदी और उनके स्वजन आमने-सामने बैठकर अपनी भावनाएं साझा कर सकें, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।


जेल प्रशासन की बनी रही पैनी नजर 

रक्षाबंधन के दौरान परिसर में लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए जेल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। जेल के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर सुरक्षाकर्मी तक हर हलचल पर पैनी निगाह बनाए हुए थे। किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य द्वार से लेकर मुलाकात कक्ष तक विशेष सतर्कता बरती गई।


NSIT
Nsmch

सुरक्षा के रहे चाक-चौबंद इंतजाम 

संपूर्ण मुलाकात प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए बेऊर जेल में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। परिसर में प्रवेश करने वाले सभी परिजनों की सघन तलाशी और सत्यापन के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। कड़े सुरक्षा घेरे के बीच रक्षाबंधन का यह पावन त्योहार सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुआ।

अनिल की रिपोर्ट