Bihar News : गया में जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने फहराया तिरंगा, कहा- डरने की आदत नहीं, लेकिन महसूस होती है शर्मिंदगी

Bihar News : गया में जहानाबाद के राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने तिरंगा फहराया. जहाँ उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी......पढ़िए आगे

Bihar News : गया में जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव
सांसद ने फहराया तिरंगा - फोटो : MANOJ

GAYAJI : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने शनिवार को गया शहर स्थित अपने निजी आवास पर गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। डॉ. यादव ने कहा कि 15 अगस्त का यह पावन पर्व पूरे भारत में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के लोग एक साथ मिलकर राष्ट्रीय त्योहार के रूप में मनाते हैं।

ध्वजारोहण के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद डॉ. यादव ने कहा कि हमारा देश कभी अंग्रेजों का गुलाम था, लेकिन आज पूरी तरह स्वतंत्र है। उन्होंने अतीत को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों के शासनकाल में लाठी-डंडे सहने की आदत थी, लेकिन किसी से डरने की आदत नहीं थी। आज अपने ही देश में लोगों द्वारा लाठीचार्ज और दमन की घटनाएं देखकर उन्हें बेहद शर्मिंदगी महसूस होती है।

Diarch GO

उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च पदों पर बैठे लोगों के इशारे और आदेश पर ही गोलीबारी और लाठीचार्ज जैसी घटनाएं होती हैं। विशेष रूप से सिविल ड्रेस में मौजूद लोगों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठी चलाने की घटनाओं पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्होंने इसे लोकतंत्र और देश के लिए बेहद शर्मनाक बताया। भारत को बांटने की बात करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे देश की एकता और अखंडता के पक्षधर हैं—"हम टुकड़े-टुकड़े नहीं हैं, हम एक हैं। भारत माता की जय, भारत माता के हम लाल हैं।"

युवाओं के भविष्य और रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए सांसद ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए मांग की कि युवाओं को पहले की तरह ही स्थायी नौकरियां और अवसर मिलने चाहिए। इसके अलावा, परीक्षाओं में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इससे छात्रों और उनके परिवारों पर गंभीर असर पड़ता है, और तनाव के कारण कई युवाओं ने आत्महत्या तक की है।

NSIT
Nsmch

अपने संबोधन के अंत में सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से संसद में आकर देश के इन महत्वपूर्ण और ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संसद चलाने में देश का बहुत भारी खर्च होता है, इसलिए सरकार के शीर्ष नेताओं को सदन में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जनता से जुड़े अहम सवालों के सीधे जवाब देने चाहिए।

मनोज की रिपोर्ट