भागलपुर में बड़ा हादसा : गंगा नदी में मजदूरों से भरी नाव पलटी, 21 मजदूर सुरक्षित बचाए गए, एक लापता

भागलपुर में बड़ा हादसा : गंगा नदी में मजदूरों से भरी नाव पलट
भागलपुर में बड़ा हादसा- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नौवगछिया स्थित राघोपुर तटबंध पर बुधवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया। बिहार सरकार के मंत्री बुलो मंडल के गांव के समीप गंगा नदी के कटाव को रोकने के लिए मजदूर नाव पर सवार होकर काम कर रहे थे। नाव पर रेत से भरी बोरियां रखी हुई थीं, जिन्हें पानी के तेज बहाव और कटाव को थामने के लिए गंगा नदी में डाला जा रहा था।


अचानक अनियंत्रित होकर गंगा में समा गई नाव

काम के दौरान नदी में रेत की बोरियां फेंकने के क्रम में नाव का एक तरफ का वजन अचानक कम हो गया। इससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी तरफ पलट गई। देखते ही देखते नाव पर सवार सभी 22 मजदूर गंगा नदी में गिर गए और पूरी नाव भी नदी में डूब गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी।


Diarch GO

SDRF की त्वरित कार्रवाई, 21 मजदूरों को सुरक्षित निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। SDRF की टीम ने तत्परता दिखाते हुए 21 मजदूरों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, एक मजदूर अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए नदी में गहन खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है।


प्रशासनिक निगरानी और राहत कार्य मुस्तैद

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। SDRF की गोताखोर टीम लापता मजदूर का सुराग लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक कि लापता मजदूर का पता नहीं चल जाता। वहीं सुरक्षित बचाए गए मजदूरों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।

बालमुकुंद की रिपोर्ट

NSIT
Nsmch