Bihar News : बेतिया में बच्चों से भरी स्कूल वैन पानी में पलटी, इलाके में मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने बचाई 11 बच्चों की जान

Bihar News : बेतिया में 'रेनबो इंटरनेशनल अकैडमी' की बच्चों से भरी स्कूली वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी में पलट गई। हादसे के समय वाहन में करीब 11 बच्चे सवार थे....पढ़िए आगे

Bihar News : बेतिया में बच्चों से भरी स्कूल वैन पानी में पलट
स्कूल वैन पलटी - फोटो : ASHISH

BETTIAH : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया प्रखंड क्षेत्र से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। बुधवार को रमपुरवा नवका टोला स्थित महादलित बस्ती (वार्ड नंबर-9) के पास 'रेनबो इंटरनेशनल अकैडमी' की बच्चों से भरी स्कूली वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी में पलट गई। हादसे के समय वाहन में करीब 11 बच्चे सवार थे। वैन गिरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में उतर गए। स्थानीय ग्रामीण मोहम्मद अमानुल्लाह और अन्य ग्रामीणों की तत्परता से वैन में फंसे सभी 11 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना के दौरान पानी में गिरे बच्चों के टिफिन और स्कूल बैग को भी ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और सभी बच्चों को सकुशल उनके घर पहुंचाया। ग्रामीणों की समझदारी और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

Diarch GO

घटना की सूचना तुरंत डायल-112 को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी (JCB) मशीन की मदद से पानी में डूबी वैन को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कूली वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने निजी स्कूल संचालकों की मनमानी और नियमों की अनदेखी को भी उजागर कर दिया है। बुधवार को 'ईद-ए-मिलाद' के अवसर पर सरकार द्वारा आधिकारिक अवकाश घोषित किया गया था, इसके बावजूद निजी विद्यालय खोला गया था और बच्चों को बुलाया गया था। छुट्टी के दिन स्कूल संचालन को लेकर स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) हफीजुर्रहमान ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय आदेशों के विपरीत छुट्टी के दिन स्कूल चलाना गंभीर लापरवाही है। बीईओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित विद्यालय का क्यूआर (QR) कोड रद्द करने के लिए शिक्षा विभाग को अनुशंसा पत्र भेजा जा रहा है।

NSIT
Nsmch

आशीष की रिपोर्ट