पंजाब चुनाव के लिए AAP के 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, भगवंत मान धुरी से लड़ेंगे चुनाव, जेल में बंद मंत्री को भी टिकट
AAP की पहली सूची में विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां समेत कई मंत्रियों और मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने 37 मौजूदा विधायकों को दोबारा चुनावी मैदान में उतारा है। इस तरह पहली सूची में नए चेहरों के बजाय अपने मौजूदा विधायकों और स्थापित

AAP Candidates for Punjab Assembly Elections : पंजाब विधानसभा चुनाव से करीब चार महीने पहले ही आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने शनिवार को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर धुरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, जेल में बंद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से टिकट देकर पार्टी ने सबको चौंका दिया है।
AAP की पहली सूची में विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां समेत कई मंत्रियों और मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने 37 मौजूदा विधायकों को दोबारा चुनावी मैदान में उतारा है। इस तरह पहली सूची में नए चेहरों के बजाय अपने मौजूदा विधायकों और स्थापित नेताओं पर भरोसा जताया गया है।
जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी मिला टिकट
पहली सूची में सबसे ज्यादा चर्चा संजीव अरोड़ा के नाम की है। वह फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में जेल में बंद हैं। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया है। ईडी ने मई 2026 में उन्हें गिरफ्तार किया था।
फरवरी-मार्च 2027 में हो सकते हैं चुनाव
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में होने हैं। मौजूदा 117 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में फरवरी-मार्च 2027 के दौरान मतदान होने की संभावना है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया है।

पंजाब विधानसभा में अभी किस पार्टी के कितने विधायक?
31 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध दलीय स्थिति - आम आदमी पार्टी (AAP) 94, कांग्रेस 16, शिरोमणि अकाली दल 3, भाजपा 2, बहुजन समाज पार्टी 1 , निर्दलीय 1 , कुल 117. विधानसभा में आम आदमी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है। कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है, जबकि भाजपा के पास केवल दो विधायक हैं।

2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। अब पार्टी ने चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है। 40 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद बाकी 77 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है।
















