Guitar Song Viral Video: अंकल के लिए बालकनी बनी स्टेज, ‘डूबा-डूबा’ गाकर जीता सबका दिल, वायरल वीडियो देख खुश हो जाएगा मन
Guitar Song Viral Video: दिल्ली के द्वारका में एक अंकल ने बालकनी से गिटार बजाकर ‘डूबा-डूबा रहता हूं’ गाना गाया। वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर प्यार लुटाया।

Guitar Song Viral Video: दिल्ली की भागदौड़ और ट्रैफिक के शोर के बीच अगर अचानक गिटार की मीठी धुन सुनाई दे तो कोई भी ठहर जाए। कुछ ऐसा ही नजारा दिल्ली के द्वारका इलाके में देखने को मिला। यहां एक अंकल ने अपनी बालकनी को ही स्टेज बना लिया और अपनी आवाज से पूरे मोहल्ले का माहौल खास बना दिया।
वैलेंटाइन वीक के दौरान सामने आए इस वीडियो में कोई बड़ी लाइट नहीं, न ही कोई बड़ा मंच। बस रात का सन्नाटा, हाथ में गिटार और दिल से गाता हुआ एक शख्स। अंकल मशहूर गायक मोहित चौहान और सिल्क रूट बैंड का मशहूर गाना ‘डूबा-डूबा रहता हूं आंखों में तेरी…’ गा रहे हैं। यह गाना 90 के दशक के लोगों के लिए आज भी खास जगह रखता है।
अंकल की आवाज में सुकून
अंकल की आवाज में सुकून और ठहराव साफ सुनाई देता है। ऐसा लगता है जैसे वह किसी शो के लिए नहीं, बल्कि अपनी खुशी के लिए गा रहे हों। शायद यही सादगी लोगों के दिल को छू गई। आज के तेज म्यूजिक और रीमिक्स के दौर में इस तरह का सादा और दिल से गाया हुआ गाना लोगों को अपनी पुरानी यादों में ले गया।
इंस्टाग्राम यूजर ने शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर मेघा सिंह (@miss_mmegha) ने रिकॉर्ड कर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि अंकल की आवाज में आज भी जादू है। यह वीडियो 9 फरवरी 2026 को पोस्ट किया गया और अब तक 30 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कमेंट सेक्शन में लोग जमकर प्यार बरसा रहे हैं। किसी ने लिखा कि उन्हें आज भी गाने के सारे बोल याद हैं। किसी ने कहा कि अंकल का अगला शो कब है, बताना जरूर। कई लोगों ने इसे ‘सुकून देने वाला’ वीडियो बताया। अक्सर सोशल मीडिया पर डांस या मजाक वाले वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन यह वीडियो याद दिलाता है कि संगीत के लिए उम्र या बड़े मंच की जरूरत नहीं होती। एक गिटार, एक पुराना गाना और खुली बालकनी ही काफी है… किसी की शाम को यादगार बनाने के लिए।















