Bihar Police Encounter: पटना में सुबह सुबह एनकाउंटर, पुलिस ने खूंखार अपराधी को दौड़ा कर मारी गोली

Bihar Police Encounter: रंगदारी वसूली की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं।...

Patna police chased down a criminal and shot him
पटना में सुबह सुबह एनकाउंटर,- फोटो : reporter

Bihar Police Encounter:  राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में रविवार सुबह सोन नदी के बीच पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। रंगदारी वसूली की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग के बाद एक अपराधी के पैर में गोली लगने की सूचना है। वहीं, मुठभेड़ में बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह भी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी में नाविकों से कुछ अपराधियों द्वारा रंगदारी की वसूली की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहले इसकी तस्दीक की। मामला सही पाए जाने पर पुलिसकर्मी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए परेव इलाके में पहुंचे।पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर बदमाशों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। देखते ही देखते सोन नदी के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजने लगी। कुछ देर तक चली मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान अवनीश कुमार के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

Diarch GO

बांह को छूकर निकली गोली

मुठभेड़ के दौरान बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह भी गोली लगने से जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि गोली उनकी बांह को छूकर निकल गई। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कथित तौर पर  बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के भी घायल होने की सूचना है। 

पिस्टल और हथियार बरामद, नाव जब्त

मुठभेड़ समाप्त होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पिस्टल समेत अन्य हथियार बरामद किए जाने की सूचना है। पुलिस ने मौके से एक नाव भी जब्त की है। बरामद हथियारों और नाव को लेकर पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

NSIT
Nsmch

घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी अमरेंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद सोन नदी और आसपास के इलाकों में पुलिस ने नाकेबंदी और छापेमारी तेज कर दी।

टॉप-10 अपराधियों में बताया जा रहा अवनीश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल अवनीश कुमार भोजपुर-पटना इलाके के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। उसके एके-47 से जुड़े मामले में फरार होने की भी बात सामने आ रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मुठभेड़ के समय उसके साथ कितने अन्य अपराधी मौजूद थे और फायरिंग के बाद वे किस दिशा में फरार हुए।वारदात के बाद सोन नदी में आने-जाने वाली नावों की जांच बढ़ा दी गई है। पुलिस फायरिंग, हथियारों की बरामदगी, रंगदारी वसूली और फरार बदमाशों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल पुलिस की विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।

रिपोर्ट- सुमित कुमार