Bedhna Death Case: बेढ़ना में 4 युवकों की मौत सिर्फ शराब से नहीं, प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश भी? मौतों का राज अभी छिपा है, रहस्य की तह तक पहुंची पुलिस
Bedhna Death Case: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत के रहस्य से पर्दा उठने लगा है...

Bedhna Death Case: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है। संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने और इलाज के दौरान चारों की मौत की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। कम उम्र में चार जिंदगियों के बुझ जाने से मृतकों के घरों में कोहराम मचा है। इसी बीच पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को बाढ़ थाना क्षेत्र के सैदपुर टोला, बेढ़ना गांव में चार लोगों की अचानक तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।एक साथ चार मौतों की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में मामले की तफ्तीश शुरू की गई। घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम भी कराया गया है।
कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक ,ग्रामीण ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी के दौरान मामले में संलिप्तता के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त लाली ने पूछताछ में एक मृतक के साथ अपनी बहन के कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर पुराने विवाद की बात बताई है। पुलिस इस बयान और घटना के बीच संबंध की जांच कर रही है।यानी मामला सिर्फ संदिग्ध शराब से मौत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे पुरानी रंजिश और कथित प्रेम-प्रसंग का विवाद भी सामने आया है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
इस मामले में सबसे अहम सवाल शराब को लेकर है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी और उसी के कारण चारों की मौत हुई या नहीं, इसकी पुष्टि FSL रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।फिलहाल संदिग्ध शराब और अन्य साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। ऐसे में किसी खास जहरीले पदार्थ को मौत की वजह मानना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस भी तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।बेढ़ना गांव में इस वक्त चार घरों का चिराग बुझ चुका है और पूरे इलाके में गम का माहौल है। विधायक के पहुंचने से परिजनों को आर्थिक और भावनात्मक सहारा जरूर मिला है, लेकिन इस दर्दनाक घटना का असली राज अभी जांच की परतों में छिपा है। FSL रिपोर्ट और पुलिस की तफ्तीश ही बताएगी कि चार युवकों की मौत के पीछे संदिग्ध जहरीली शराब थी या कोई और साजिश।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार