LATEST NEWS

Bihar Crime: हत्यारी मां पुलिस को चकमा दे कर हो गई फरार, सू-सू बहाना बनाकर हो गई चंपत

Bihar Crime: अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे को कथित तौर पर बिस्कुट में जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारने के आरोप में जेल भेजी गई महिला अब पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई है। ..

Muzaffarpur Mother Accused of Killing Son Escapes SKMCH Poli
हत्या की आरोपी फरार- फोटो : reporter

Bihar Crime: अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे को कथित तौर पर बिस्कुट में जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारने के आरोप में जेल भेजी गई महिला अब पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई है। इलाज के लिए एसकेएमसीएच के एमसीएच वार्ड में भर्ती कराई गई आरोपी महिला बुधवार की अहले सुबह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से निकल गई। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार महिला की तलाश में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।

मामला मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरि थाना क्षेत्र के टेंगरांहा उत्तरी टोला का है। 20 अगस्त को यहां ढाई साल के बच्चे आर्यन कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। आरोप है कि उसकी मां ने बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चे को खिला दिया। हालत बिगड़ने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। जेल प्रशासन के मुताबिक आरोपी महिला करीब दो महीने की गर्भवती थी। उसकी तबीयत खराब होने के बाद 29 अगस्त को उसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच के एमसीएच वार्ड में भर्ती कराया गया। उसकी निगरानी के लिए दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

लेकिन बुधवार की सुबह अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए महिला फरार हो गई। बताया जा रहा है कि उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और इसी दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से बाहर निकल गई। जब तक सुरक्षाकर्मियों को उसके फरार होने का पता चला, वह अस्पताल परिसर से निकल चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। एसकेएमसीएच पुलिस की मदद से अस्पताल और आसपास के इलाकों में महिला की तलाश शुरू की गई। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि महिला के भागने की दिशा और उसके संभावित सहयोगियों का सुराग मिल सके।

शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा के अधीक्षक के अनुसार, महिला की तबीयत खराब होने के कारण उसे 29 अगस्त को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया था। सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन सुबह बाथरूम जाने के बहाने महिला ने उन्हें चकमा दे दिया और फरार हो गई।मासूम की मौत के गंभीर मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में बंद महिला का इस तरह पुलिस अभिरक्षा से निकल जाना अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। अब पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है फरार आरोपी को दबोचना और यह पता लगाना कि आखिर उसने अस्पताल से निकलने के बाद किस रास्ते का इस्तेमाल किया और क्या किसी ने उसकी मदद की।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा