LATEST NEWS

Bihar Crime: AI अश्लील तस्वीरों का खेल! महिला डॉक्टर का आरोप-शादी तय हुई तो साथी डॉक्टर ने कर दिया बड़ा कांड

Bihar Crime: तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर अपराध का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। ...

Muzaffarpur Doctor Alleges AI Photos Used to Break Her Marri
जहां चाहे शादी करवा दो, मैं उसे तुड़वा दूंगा- फोटो : X

Bihar Crime: तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर अपराध का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। मुजफ्फरपुर की एक महिला डॉक्टर ने अपने साथी डॉक्टर डॉ. अजय कुमार पर AI की मदद से कथित तौर पर अश्लील तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। महिला डॉक्टर का आरोप है कि उसकी शादी तय होने के बाद आरोपी ने रिश्ता तुड़वाने की कोशिश शुरू कर दी और कथित तौर पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसकी मॉर्फ की गई तस्वीरें प्रसारित कीं।

महिला डॉक्टर ने इस मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में उसने दावा किया है कि आरोपी उसे पहले भी परेशान करता रहा है और पुलिस शिकायत के बाद उसने भविष्य में संपर्क नहीं करने का लिखित/बयान देने की बात कही थी। लेकिन कुछ समय बाद कथित तौर पर फिर से कॉल और मैसेज का सिलसिला शुरू हो गया।

MBBS के दौरान हुई थी पहचान

महिला डॉक्टर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह और डॉ. अजय कुमार साथ में MBBS की पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उस समय भी अजय कुमार उसे परेशान करता था, जिसके चलते उसने पुलिस से शिकायत की थी।महिला डॉक्टर के मुताबिक, पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर कथित तौर पर भरोसा दिलाया था कि वह भविष्य में उससे या उसके परिवार के किसी सदस्य से संपर्क नहीं करेगा।लेकिन शिकायत के अनुसार, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ।

शादी तय होते ही बढ़ी कथित ‘साइबर साजिश’

महिला डॉक्टर का कहना है कि जब उसके परिवार ने उसकी शादी तय कर दी और इसकी जानकारी अजय कुमार को मिली, तो उसने कथित तौर पर शादी तुड़वाने की कोशिश शुरू कर दी।शिकायत में महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि परिवार के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि जहां चाहे शादी करवा दो, मैं उसे तुड़वा दूंगा। इसके बाद कथित तौर पर मामला डिजिटल उत्पीड़न तक पहुंच गया। महिला डॉक्टर का आरोप है कि AI की मदद से उसकी अश्लील तस्वीरें तैयार की गईं और फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।महिला डॉक्टर ने पुलिस को कथित तौर पर इस्तेमाल की गई दो इंस्टाग्राम IDs की जानकारी भी दी है।

लड़के वालों को भी कथित तौर पर भेजी तस्वीरें

शिकायत के मुताबिक, महिला डॉक्टर को अलग-अलग ई-मेल IDs और मोबाइल नंबरों से लगातार मैसेज और कॉल किए जा रहे हैं। उसका आरोप है कि आरोपी ने उसके होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों से भी संपर्क किया और उन्हें कथित AI तस्वीरें दिखाकर उसके बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं।महिला डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया है कि अनजान नंबरों से उसे धमकी भरे फोन मिल रहे हैं। इतना ही नहीं, कॉलेज परिसर में भी कथित तौर पर उसका पीछा कर उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।इन घटनाओं के कारण महिला डॉक्टर और उसका परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

अब साइबर पुलिस खंगालेगी डिजिटल सुराग

महिला डॉक्टर ने साइबर थाना पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, कथित मॉर्फ और AI-निर्मित तस्वीरों के प्रसार को रोकने, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

शिकायत में कथित तौर पर मैसेज, कॉल रिकॉर्ड, ई-मेल, सोशल मीडिया स्क्रीनशॉट और तस्वीरों को डिजिटल साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराने की बात कही गई है।अब पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ आरोपी की पहचान या भूमिका तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पता लगाना भी है कि कथित तस्वीरें किस डिवाइस से तैयार हुईं, किन अकाउंट से अपलोड की गईं, किन नंबरों और ई-मेल IDs का इस्तेमाल हुआ और उन्हें किन लोगों तक पहुंचाया गया।फिलहाल मामले में महिला डॉक्टर के आरोपों की जांच पुलिस कर रही है। AI से बनाई गई कथित तस्वीरों, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल संचार की फोरेंसिक जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी। यदि आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो यह मामला साइबर उत्पीड़न, पहचान के दुरुपयोग और डिजिटल माध्यम से बदनाम करने की गंभीर कड़ी बन सकता है।