November Bank Holidays 2026: नवंबर में 16 दिन बंद रहेंगे बैंक,बैंक जाने से पहले देख लें छुट्टियों की पूरी लिस्ट
November Bank Holidays 2026: नवंबर का महीना त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के लिहाज से बेहद खास रहने वाला है।

November Bank Holidays 2026: नवंबर का महीना त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के लिहाज से बेहद खास रहने वाला है। दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ महापर्व और गुरु नानक जयंती जैसे कई बड़े पर्व इसी महीने मनाए जाएंगे। त्योहारों की इस रौनक का असर बैंकिंग सेवाओं पर भी पड़ेगा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, नवंबर में देश के अलग-अलग शहरों में कुल 16 दिन बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।
ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो आखिरी वक्त का इंतजार करने के बजाय पहले ही तैयारी कर लेना बेहतर होगा। खास बात यह है कि बैंक की छुट्टियां पूरे देश में एक समान नहीं होती हैं। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय त्योहारों और धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक अवकाश निर्धारित किए जाते हैं।भारतीय स्टेट बैंक (SBI), HDFC Bank, ICICI Bank और Axis Bank समेत तमाम बैंकों के ग्राहकों को ब्रांच जाने से पहले अपने शहर की छुट्टियों की सूची जरूर देख लेनी चाहिए।
नवंबर में 7 दिन वीकेंड पर बंद रहेंगे बैंक
नवंबर में रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार को मिलाकर कुल सात दिन बैंक बंद रहेंगे। इस महीने रविवार की तारीखें 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर हैं। वहीं, 14 और 28 नवंबर को दूसरे और चौथे शनिवार के कारण बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा।इन नियमित छुट्टियों के अलावा कई त्योहारों पर भी अलग-अलग शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
नवंबर 2026 में कब और कहां बंद रहेंगे बैंक?
9 नवंबर: अगरतला, भोपाल, चंडीगढ़, गंगटोक, इंफाल, जयपुर, कानपुर और लखनऊ में दिवाली से जुड़े त्योहारों, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस के चलते बैंक बंद रहेंगे।
10 नवंबर: अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बाली प्रतिपदा, गोवर्धन पूजा, लक्ष्मी पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के अवसर पर अवकाश रहेगा।
11 नवंबर: गंगटोक, इंफाल, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और शिमला में भाई दूज, निंगोल चकौबा, लक्ष्मी पूजा और चित्रगुप्त जयंती के कारण बैंक बंद रहेंगे।
13 नवंबर: मेघालय की राजधानी शिलांग में वांगला फेस्टिवल के अवसर पर बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी।
16 नवंबर: बिहार और झारखंड के लोगों को विशेष ध्यान देना होगा। पटना और रांची में छठ पूजा के चलते बैंक बंद रहेंगे।
20 नवंबर: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इगास-बग्वाल के अवसर पर बैंकिंग कामकाज नहीं होगा।
23 नवंबर: शिलांग में सेंग कुट स्नेम के मौके पर बैंक बंद रहेंगे।
24 नवंबर: गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और राहस पूर्णिमा के चलते देश के कई शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इनमें आइजोल, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, देहरादून, हैदराबाद, ईटानगर, जम्मू, जयपुर, कानपुर, कोहिमा, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर शामिल हैं।
27 नवंबर: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कनकदास जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
बैंक बंद होने पर भी नहीं रुकेगा आपका काम
बैंक शाखाओं में छुट्टी रहने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों के सभी बैंकिंग काम ठप हो जाएंगे। छुट्टियों के दौरान भी इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रह सकती हैं।हालांकि, चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट बनवाने और शाखा से जुड़े दूसरे जरूरी कामों में देरी हो सकती है। इसलिए ग्राहकों के लिए बेहतर यही है कि वे बैंक जाने से पहले RBI की आधिकारिक छुट्टी सूची और अपने बैंक की स्थानीय शाखा से जानकारी हासिल कर लें।
















