Bihar Crime : सहरसा में बेख़ौफ़ शराब कारोबारी का तांडव, मुखबिरी का आरोप लगाकर रेलवे ठेकेदार को मारी गोली
Bihar Crime : सहरसा में अपराधियों की गोलीबारी में रेलवे ठेकेदार दिनेश चंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी है.....पढ़िए आगे

SAHARSA : जिले के पशुपालन कॉलोनी स्थित ख़तरचौक पर शनिवार शाम अचानक हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अपराधियों की गोलीबारी में रेलवे ठेकेदार दिनेश चंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
ठेकेदार पर लगाया मुखबिरी का आरोप
घायल ठेकेदार के पुत्र के अनुसार, विवाद की शुरुआत उत्पाद विभाग की छापेमारी से हुई। शनिवार शाम पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने कांतर चौक निवासी रोशन रजक के ठिकाने पर रेड मारी थी, हालांकि वह भागने में सफल रहा। टीम के लौटते ही आरोपी अपने समर्थकों के साथ दिनेश चंद्र यादव के घर पहुंच गया और उन पर पुलिस को मुखबिरी कर छापेमारी करवाने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगा।
कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग
घर के बाहर दोनों पक्षों में बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी रोशन रजक ने पिस्तौल निकालकर जान मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। एक गोली दिनेश यादव की दाहिनी बांह में जा लगी, जिससे वे खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। ठेकेदार को जमीन पर गिरता देख आरोपी रोशन रजक मौके से आसानी से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों ने बिना समय गंवाए घायल को अस्पताल पहुंचाया।
आरोपी की गिरफ्तारी को छापेमारी तेज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी। फिलहाल फरार आरोपी रोशन रजक की धरपकड़ के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है।
छोटू सरकार की रिपोर्ट















