बिहार में बाढ़ और घोटालों के आरोपों पर भड़के तेजस्वी यादव, पीएम मोदी और राज्य सरकार पर साधा निशाना
बिहार में बाढ को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने चिंता जताते हुए सरकार से प्रभावित लोगों को तुरंत राहत पहुंचाने और इसकी स्थाई समाधान की मांग की है। वहीं डस्टबिन घोटाले के आरोप को लेकर कहा कि उनका मकसद सिर्फ तेजस्वी को बदनाम करना है.....

Patna : बिहार में बाढ़ के बिगड़ते हालात पर चिंता जताते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार से तुरंत प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे हालात पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और प्रभावितों के लिए राशन, दवाइयों व सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रबंध करना चाहिए। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में हर साल बाढ़ आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान को लेकर कोई भी सरकार गंभीर नहीं दिखती है।
संगठन की मजबूती और युवाओं का बढ़ता जुड़ाव
पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार हो रही बैठकों पर तेजस्वी यादव ने कहा कि युवा बड़ी संख्या में उनके साथ जुड़ रहे हैं, जो सबसे सकारात्मक बात है। वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान होकर युवा अब विपक्ष के साथ आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे लगातार जनता और कार्यकर्ताओं से संपर्क में हैं ताकि धरातल पर संगठन को और अधिक धारदार और मजबूत बनाया जा सके।
डस्टबिन घोटाले के आरोपों पर प्रशांत किशोर पर पलटवार
प्रशांत किशोर द्वारा लगाए गए डस्टबिन घोटाले के आरोपों का जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इस राज्य में कुछ भी हो, बस तेजस्वी का नाम ले लिया जाता है। बिहार में जितने भी घोटाले हुए हैं, उनके असली जिम्मेदार कौन हैं यह सबको पता है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सिर्फ तेजस्वी को बदनाम करना है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि अगर उन्होंने वास्तव में कोई घोटाला किया होता, तो क्या केंद्र की जांच एजेंसियां उन्हें अब तक छोड़ देतीं?
प्रशांत किशोर और मंगल पांडे के संबंधों बचते नजर आए
प्रशांत किशोर और भाजपा नेता मंगल पांडे के बीच कथित संबंधों के सवाल पर तेजस्वी यादव ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर का मंगल पांडे से क्या संबंध या साठगांठ है, यह बात खुद प्रशांत किशोर ही बता सकते हैं। तेजस्वी ने इस मुद्दे पर ज्यादा विस्तार से बोलने से बचते हुए गेंद प्रशांत किशोर के पाले में डाल दी।
जीडीपी आंकड़ों, महंगाई और पीएम मोदी पर निशाना
देश की जीडीपी विकास दर 7.8% रहने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आंकड़ों के बावजूद देश की प्रति व्यक्ति आय कई देशों से पीछे चली गई है और आम लोग बेरोजगारी, आर्थिक मंदी तथा महंगाई से त्रस्त हैं। तेजस्वी ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रील्स बनाने और प्रचार में व्यस्त हैं और उन्हें जमीनी स्तर पर जनता की परेशानियां नजर नहीं आ रही हैं।
अभिजीत की रिपोर्ट















