Patna News: मरीन ड्राइव पर खड़ी कार बनी आग का गोला, उठती लपटों से मचा हड़कंप
Patna News: पटना में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब PMCH अस्पताल के सामने मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई।...

Patna News: पटना में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब PMCH अस्पताल के सामने मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। शुक्रवार को देखते ही देखते कार से आग की तेज लपटें उठने लगीं। सड़क पर मौजूद लोगों की नजर जैसे ही धधकती कार पर पड़ी, मौके पर भीड़ जुट गई।
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क किनारे खड़ी कार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। आग की भयावह स्थिति देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।अग्निशमन कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए कड़ी मशक्कत की और कुछ समय बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास खड़े दूसरे वाहनों और लोगों तक आग फैलने का खतरा टल गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग लगने से कार को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग वाहन में तकनीकी खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।PMCH जैसे व्यस्त इलाके और मरीन ड्राइव पर हुई इस घटना के बाद कुछ देर के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। हालांकि फायर ब्रिगेड की तत्परता से स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार















