Bihar Politics:चिराग पासवान ने प्रभात ज्योति को दी बड़ी जिम्मेदारी, बने SC-ST प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष
Bihar Politics: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने नवादा में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए प्रभात कुमार ज्योति को अहम जिम्मेदारी सौंपी है।...

Bihar Politics: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने नवादा में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए प्रभात कुमार ज्योति को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पार्टी के एससी-एसटी प्रकोष्ठ का नवादा जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस मनोनयन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष परशुराम पासवान ने प्रभात कुमार ज्योति के मनोनयन की घोषणा की। इसके बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि प्रभात कुमार ज्योति के नेतृत्व में जिले में एससी-एसटी प्रकोष्ठ को नई धार मिलेगी और संगठन का विस्तार जमीनी स्तर तक होगा।
मनोनयन के बाद प्रभात कुमार ज्योति ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने की बात कही।
प्रभात कुमार ज्योति ने कहा कि उनकी प्राथमिकता एससी-एसटी प्रकोष्ठ को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और संगठन के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के विचारों और नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद कायम रखा जाएगा।पार्टी समर्थकों का कहना है कि नए जिलाध्यक्ष के मनोनयन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। आगामी राजनीतिक गतिविधियों के मद्देनजर इस जिम्मेदारी को लोजपा रामविलास के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट- अमन कुमार















