Bihar News : कैमूर डीएम कुमार अनुराग ने मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब महिला डॉक्टरों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
Bihar News : कैमूर डीएम ने मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. जहाँ उन्होंने महिला चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर कार्रवाई का निर्देश दिए......पढ़िए आगे

KAIMUR : पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार कैमूर के जिलाधिकारी कुमार अनुराग मंगलवार की दोपहर 2:30 बजे अचानक मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। डीएम के इस औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर और स्वास्थ्य कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी सेवा और परिसर की साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। कुल मिलाकर अस्पताल की स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं से डीएम संतुष्ट नजर आए।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में डीएम कुमार अनुराग ने बताया कि अस्पताल की जो भी छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं, उन्हें शीघ्र दुरुस्त कर व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से नए डॉक्टरों के साथ-साथ जीएनएम और एएनएम की तैनाती की जा रही है। वर्तमान में डॉक्टरों की थोड़ी कमी जरूर है, लेकिन उपलब्ध संसाधनों के जरिए मरीजों को बेहतर इलाज देने का पूरा प्रयास जारी है।
महिला डॉक्टरों की कमी और लंबे समय से उनके अनुपस्थित रहने के सवाल पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर मौजूद सिविल सर्जन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो महिला चिकित्सक पदस्थापन के बावजूद लंबे समय से ड्यूटी से नदारद हैं, उन पर सिर्फ वेतन रोकने की खानापूरी से काम नहीं चलेगा। ऐसी गैर-जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ विभागीय नियमावली के तहत विधिवत अनुशासनात्मक कार्रवाई (Disciplinary Action) शुरू की जाए।
डीएम के इस कड़े तेवर से अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल दिखा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि अस्पताल आने वाले हर आम और गरीब मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी इलाज मुहैया कराया जा सके, जिसके लिए लगातार मॉनिटरिंग जारी रहेगी।
देवब्रत की रिपोर्ट















