Bihar News : गयाजी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में देसी-विदेशी शराब किया जब्त, 6 तस्करों को किया गिरफ्तार
Bihar News : गयाजी पुलिस ने 405 लीटर देसी और 84.91 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। वहीँ इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

GAYAJI : गया पुलिस ने जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी अभियान चलाया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 405 लीटर देसी और 84.91 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने 6 शराब तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब परिवहन और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया है, जिनमें एक कार, एक मोटरसाइकिल और एक टोटो (ई-रिक्शा) शामिल हैं।
विभिन्न थानों में हुई कार्रवाई का ब्योरा
शेरघाटी थाना में पुलिस ने छापेमारी कर 59.033 लीटर विदेशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीँ वजीरगंज थाना में शराब की सबसे बड़ी खेप बरामद की गई, जहां 360 लीटर देसी शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार के साथ एक आरोपी को पकड़ा गया। सौहेल थाना में पुलिस ने 40 लीटर देसी शराब और एक बाइक के साथ एक तस्कर को दबोचा। मुफस्सिल थाना में 25.875 लीटर विदेशी शराब के साथ एक टोटो जब्त किया गया। विष्णुपद थाना में 5 लीटर देसी शराब बरामद की गई। जबकि परैया थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में 'बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम, 2022' की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
माफियाओं में मचा हड़कंप
गया पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के शराब माफियाओं और अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए इस तरह के विशेष छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
मनोज की रिपोर्ट















