यातायात नियमों की गया नगर निगम उड़ा रहा धज्जियां: बिना नंबर प्लेट दौड़ रहीं सफाई गाड़ियां, अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल

यातायात नियमों की गया नगर निगम उड़ा रहा धज्जियां: बिना नंबर
गया नगर निगम उड़ा रहा यातायात नियमों की धज्जियां- फोटो : प्रेम

Gayaji : बिहार की धार्मिक नगरी गया जी में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की दोहरी नीति सामने आ रही है। एक ओर जहाँ आम वाहन चालकों द्वारा जरा सी चूक या बिना नंबर प्लेट चलने पर यातायात पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा भारी-भरकम चालान काटा जाता है, वहीं दूसरी ओर गया नगर निगम की दर्जनों सफाई वाहक गाड़ियां बिना नंबर प्लेट के ही धड़ल्ले से शहर की सड़कों पर दौड़ रही हैं। नगर निगम की इस मनमानी और परिवहन विभाग की अनदेखी से आम नागरिकों में भारी आक्रोश है।


दुर्घटना की स्थिति में पहचान और जिम्मेदारी तय करना मुश्किल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहनों का परिचालन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि ऐसी गाड़ियों से कोई सड़क दुर्घटना होती है या कोई आपराधिक/लापरवाही की घटना घटती है, तो वाहन और उसके चालक की पहचान करना असंभव हो जाएगा। शहर में पहले से ही अनियंत्रित सफाई वाहनों से दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है, ऐसे में बिना नंबर के वाहनों का चलना लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।

Diarch GO


विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जताई सख्त आपत्ति

गया में नगर निगम की गाड़ियों के बिना नंबर प्लेट चलने के मामले पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि "बिना नंबर प्लेट के किसी भी वाहन को सड़क पर चलने की इजाजत नहीं होनी चाहिए, चाहे वह सरकारी हो या निजी।" उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई वाहनों के सभी चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का निबंधन (Registration) और इंश्योरेंस होना अनिवार्य किया जाए।


परिवहन विभाग और नगर प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने जिला प्रशासन और जिला परिवहन विभाग (DTO) की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि जो विभाग आम जनता को नियमों का पाठ पढ़ाता है, वह नगर निगम के नियमों से खिलवाड़ करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने से क्यों कतरा रहा है? नागरिकों ने मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली नगर निगम की सभी गाड़ियों की त्वरित जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।

NSIT
Nsmch


प्रेम की रिपोर्ट