Bihar Road Accident : बांका में ओवरलोड ट्रैक्टर ने शिक्षिका को रौंदा, इलाज के दौरान हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar Road Accident : बांका में सीमेंट से लदे एक ओवरलोड ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से शिक्षिका पूजा कुमारी (30 वर्ष) जख्मी हो गयी। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

BANKA : भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर के समीप ओवरलोड सीमेंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई। मृतका की पहचान भागलपुर के बूढ़ानाथ निवासी पूजा कुमारी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बांका स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्कूल से लौटते समय ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
मृतका के सहकर्मी अमित कुमार ने बताया कि वह और पूजा कुमारी दोनों बांका के सेंट जोसेफ स्कूल में शिक्षक हैं। स्कूल से वापस लौटने के दौरान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर के समीप सीमेंट से ओवरलोड ट्रैक्टर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पूजा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल
महिला शिक्षिका की सड़क हादसे में मौत से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। स्कूल से लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
बाँका से चन्द्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट
















