Bihar News : सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज से देवघर तक गूंजा 'बोल बम', हेलिकॉप्टर से कांवड़िया पथ पर बरसाए गए फूल

Bihar News : पहली बार उत्तर वाहिनी गंगा तट से बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर प्रस्थान कर रहे लाखों कांवड़िया श्रद्धालुओं के स्वागत में आसमान से फूलों की बारिश की गई।

Bihar News : सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज से देवघर तक
श्रद्धालुओं पर फूलों की बारिश - फोटो : ANJANI

BHAGALPUR : सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज में आस्था का ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पहली बार कांवड़िया श्रद्धालुओं के स्वागत में आसमान से फूल बरसाए गए। हेलिकॉप्टर ने जैसे ही कांवड़िया पथ के ऊपर उड़ान भरी, वैसे ही शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा शुरू हो गई। नीचे कांधे पर कांवड़, हाथों में गंगाजल और जुबां पर बोल बम का जयघोष... तो ऊपर से बरसते फूल। पूरा सुल्तानगंज मानो शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

नमामि गंगे घाट से लेकर अजगैबीनाथ मंदिर और कच्ची कांवड़िया पथ के असरगंज इलाके तक हेलिकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ को जल चढ़ाने देवघर जा रहे शिवभक्तों के लिए यह पल बेहद खास रहा। फूलों की बारिश होते ही कांवड़ियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

Diarch GO

सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच प्रशासन की ओर से की गई इस खास व्यवस्था ने श्रावणी मेले की भव्यता को और बढ़ा दिया। जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और एसएसपी ने भी अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कांवड़िया पथ, घाट और भीड़ प्रबंधन की स्थिति देखी और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आस्था, भक्ति और स्वागत का यह अनोखा संगम कांवड़ियों के लिए यादगार बन गया। कांधे पर कांवड़ लेकर देवघर की ओर बढ़ते शिवभक्त और आसमान से बरसते फूल... सुल्तानगंज में सावन की दूसरी सोमवारी की ये तस्वीर लंबे समय तक लोगों के जेहन में रहेगी।

NSIT
Nsmch

अंजनी कश्यप की रिपोर्ट