Bihar News : बगहा में बच्चे के लापता होने पर परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर काटा बवाल, पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

Bihar News : बगहा में लापता बच्चे का कोई सुराग न मिलने से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों का सब्र टूट गया। उन्होंने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

Bihar News : बगहा में बच्चे के लापता होने पर परिजनों का फूटा
बच्चा लापता - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चम्पारण जिले के बगहा नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-26 स्थित रामधाम मंदिर मोहल्ला निवासी तुलसी शाह का 11 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार बीते तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई सुराग न मिलने से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों का सब्र टूट गया। गुस्साए लोगों ने लौरिया-बगहा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-727) को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

सड़क जाम के कारण एनएच पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर मामले में घोर लापरवाही और शुरुआती स्तर पर प्रभावी कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया। लापता बालक के परिजनों ने आशंका जताई है कि पूर्व की रंजिश के चलते बच्चे का अपहरण किया गया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में त्वरित और सख्त कदम उठाते हुए गौतम की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाए।

Diarch GO

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुँचे तथा आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पुलिस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है और बच्चे का सुराग लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जानकारी देते हुए बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि पुलिस बच्चे के लापता होने की घटना की सभी पहलुओं से गहन जांच कर रही है। 

उन्होंने कहा कि संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी और खोजबीन जारी है तथा परिजनों द्वारा जताई गई रंजिश की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और बच्चे को सुरक्षित वापस लाने का दावा किया है।

NSIT
Nsmch

आशीष की रिपोर्ट