Bihar News : बांका में आकाशीय बिजली का कहर, ठनका गिरने से महिला मजदूर और मासूम छात्र की हुई मौत, एक की हालत गंभीर

Bihar News : बांका में 35 वर्षीय नीलू देवी पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास काम कर रही सुलेखा देवी गंभीर रूप से झुलस गईं....पढ़िए आगे

Bihar News : बांका में आकाशीय बिजली का कहर, ठनका गिरने से मह
आकाशीय बिजली का कहर - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले में आकाशीय बिजली का कहर लगातार जारी है। रविवार को छह लोगों की मौत के बाद सोमवार को शंभूगंज प्रखंड में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं ने फिर दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक घटना में खेत में धान की रोपनी कर रही महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में शौच के लिए घर से निकले एक स्कूली छात्र की जान चली गई। वहीं एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पहली घटना वैदपुर गांव की है। 

जानकारी के अनुसार, रुपेश कुमार की पत्नी नीलू देवी (35) अन्य मजदूरों के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास में काम कर रही सुलेखा देवी भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

Diarch GO

परिजनों ने बताया कि नीलू देवी के पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बेंगलुरु में रहते हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी नीलू देवी के कंधों पर थी। वह मजदूरी कर अपने दो बेटियों और एक बेटे का भरण-पोषण कर रही थीं। उनकी मौत से बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। दूसरी घटना बरौथा गांव में हुई। यहां आर्यन कुमार (10), पिता सुमन पासवान, विद्यालय से घर लौटने के बाद शौच के लिए बहियार गया था। इसी दौरान अचानक ठनका गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। आर्यन गांव के विद्यालय में चौथी कक्षा का छात्र था। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।दोनों घटनाओं के बाद परिजन घायल और मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. अजय शर्मा ने जांच के बाद नीलू देवी और आर्यन कुमार को मृत घोषित कर दिया। 

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए, जिससे वहां गमगीन माहौल के साथ अफरातफरी की स्थिति बनी रही। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।। अंचलाधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधान के अनुसार अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं घायल महिला की रिपोर्ट भी जिला आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी जा रही है।उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को भी बांका के विभिन्न क्षेत्रों में ठनका गिरने से छह लोगों की मौत और चार अन्य के घायल होने की घटना सामने आई थी। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचने की अपील की है।

NSIT
Nsmch

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट