Munger drugs: मुंगेर में नशे के कारोबार पर पुलिस का छापा, 12.90 ग्राम स्मैक और 6 मोबाइल बरामद
Munger drugs: मुंगेर के तारापुर में पुलिस ने फजेलीगंज पोखर के पास छापेमारी कर 12.90 ग्राम स्मैक और छह मोबाइल फोन बरामद किए। मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Munger drugs: मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक की खरीद-बिक्री और सेवन की सूचना पर छापेमारी कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12.90 ग्राम स्मैक, छह मोबाइल फोन और नशीले पदार्थ को छोटी-छोटी पुड़िया में पैक करने में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक समेत अन्य सामान बरामद किया है।
फजेलीगंज पोखर के पास झोपड़ी में हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, तारापुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फजेलीगंज पोखर के पास एक झोपड़ी में कुछ लोग स्मैक की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद तारापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार देवेंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। इसके बाद पुलिस ने बताए गए ठिकाने पर अचानक छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
12.90 ग्राम स्मैक और छह मोबाइल फोन जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 12.90 ग्राम स्मैक बरामद की। इसके अलावा छह मोबाइल फोन, पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की जांच कर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी। गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को तारापुर क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट















