Cyber Crime: मैं अमित शाह बोल रहा...SP के रीडर को गृह मंत्री बन किसने किया कॉल, अब पुलिस ने टांग लिया....

Cyber Crime: हेलो, मैं अमित शाह बोल रहा हूं..एसपी से बात करवाओ...गृह मंत्री बनकर एक शख्स ने एसपी के रीडर को फोन किया और एसपी से बात कराने और एक मामले में त्वरित कार्रवाई करने की बात कहने लगा, फिर...

अमित शाह
अमित शाह बनकर किया फोन - फोटो : social media

Cyber Crime: हरियाणा के जींद जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां एक युवक ने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बताकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रीडर को फोन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

क्या है मामला?

शिकायत के अनुसार, एसपी के रीडर रामनिवास को शुक्रवार को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को गृह मंत्री अमित शाह बताया और एसपी से बात करवाने के लिए कहा, साथ ही किसी मामले में कार्रवाई के आदेश भी दिए। हालांकि, कॉल की भाषा और संदिग्ध व्यवहार से रीडर को शक हुआ और उसने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया।

Diarch GO

फर्जी कॉल की जांच और गिरफ्तारी

पुलिस ने कॉल नंबर की जांच की तो पता चला कि यह गृह मंत्री के नाम पर किया गया फर्जी कॉल था। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पहले भी कई फर्जीवाड़ों में संलिप्त रहा है, इसीलिए उससे पूर्व मामलों की भी गहन पूछताछ की जा रही है।

अमित शाह के नाम पर फर्जी कॉल 

एसपी कुलदीप सिंह ने पुष्टि की है कि कॉल गृह मंत्री अमित शाह के नाम पर किया गया था। उन्होंने बताया कि, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चूंकि मामला एक संवेदनशील पदाधिकारी से जुड़ा है, इसलिए जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। यह मामला न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती देता है बल्कि साइबर और फर्जीवाड़े के मामलों में नई सतर्कता की जरूरत भी उजागर करता है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

NSIT
Nsmch