LATEST NEWS

Mokama Murder: मोकामा में दुलारचंद यादव हत्याकांड के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अनंत सिंह - सूरजभान की बढ़ी मुश्किल

Mokama Murder: मोकामा में दुलारचंद यादव हत्याकांड के बाद सियासत गरमाई हुई है। पुलिस लगातार क्षेत्र में कैंप कर रही है। इसी बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिससे अनंत सिंह और सूरजभान सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती है...

अनंत सिंह सूरजभान सिंह
पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फोटो : social media

Mokama Murder: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र मोकामा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की कार्रवाई तेज़ हो गई है। दुलारचंद यादव हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बाढ़, आशीष कुमार, भा.प्र.से. के नेतृत्व में सोमवार को पंडारक एवं मोकामा क्षेत्र में दर्जनों वाहनों की औचक जांच की गई।

दो चुनावी वाहन जब्त

जांच के दौरान एक राजनीतिक पार्टी के प्रचार वाहन से नंबर प्लेट गायब पाई गई, जो मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। वहीं एक अन्य ई-रिक्शा पर बिना अनुमति लाउडस्पीकर के जरिए चुनाव प्रचार किया जा रहा था, जिसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में सुपुर्द कर दिया गया है तथा प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन की सख्ती 

एसडीओ आशीष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि SST (Static Surveillance Team) प्वाइंट पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी हर वाहन की जांच अनिवार्य रूप से करें, चाहे वह किसी वीआईपी का ही क्यों न हो। दुलारचंद यादव की हत्या के बाद प्रशासन ने मोकामा क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच में कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।  

शांतिपूर्ण चुनाव कराने पर जोर 

पूर्व विधायक अनंत सिंह और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह पहले से ही जेल में बंद हैं, और इस हत्याकांड से जुड़े संभावित तारों की जांच जेल प्रशासन के सहयोग से की जा रही है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण, स्वच्छ और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराना प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की अराजकता या चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शंकर की रिपोर्ट