Bihar Teachers News: शिक्षकों के वेतन भुगतान पर शिक्षा विभाग का बड़ा आदेश, गड़बड़ किया तो 'नप' जाएंगे ये बड़े अधिकारी

बिहार के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के वेतन भुगतान को लेकर शिक्षा विभाग ने 15 मई को एक नया आदेश जारी किया है. इसमें सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को जारी पत्र में बड़ा आदेश दिया गया है.

Bihar Teachers News
Bihar Teachers News- फोटो : news4nation

Bihar Teachers News: शिक्षकों के वेतन भुगतान में होने वाली लेट-लतीफी को लेकर शिक्षा विभाग ने गुरुवार को एक बड़ा फरमान जारी किया है. शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक (प्रशासन) सुबोध कुमार चौधरी ने इसे लेकर राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया है. इसमें कहा गया है कि सभी कोटि के शिक्षकों/ शिक्षकेत्तर कर्मियों का वेतन भुगतान ससमय करवाने के पश्चात् ही जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं संलग्न कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों (चतुर्थवर्गीय कर्मियों को छोड़कर) का वेतन भुगतान किया जाय।


विभाग की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारियों को जारी पत्र में कहा गया है कि ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं कि विभिन्न जिलों में आवंटन रहने के पश्चात् भी कतिपय शिक्षकों का वेतन भुगतान ससमय नहीं किया जाता है, जिससे उनके परिवार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। शिक्षकों का ससमय वेतन भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षक सीधे मुख्यालय स्तर के पदाधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। सभी कोटि के शिक्षकों का ससमय वेतन भुगतान कराना विभाग की प्राथमिकता है एवं इसकी जवाबदेही पूर्णरूप से जिला शिक्षा पदाधिकारी की है। 

Diarch GO


आदेश में कहा गया है कि यदि किसी शिक्षक का तकनीकी कारण से यथाः-PRAN, HRMS, AADHAR इत्यादि से वेतन भुगतान नहीं हो रहा है तो जिला शिक्षा पदाधिकारी मुख्यालय के संबंधित पदाधिकारी से संपर्क कर वेतन भुगतान कराने हेतु जिम्मेवार हैं। किसी भी शिक्षक को मुख्यालय स्तर पर वेतन से संबंधित समस्या के लिए मुख्यालय के पदाधिकारी से संपर्क करने अथवा मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।


विभाग ने यह भी कहा है कि  सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेश दिया जाता है कि आवंटन उपलब्ध रहने पर आपके जिले में नियुक्त सभी कोटि के शिक्षकों/ शिक्षकेत्तर कर्मियों का वेतन भुगतान ससमय करवाने के पश्चात् ही जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं संलग्न कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों (चतुर्थवर्गीय कर्मियों को छोड़कर) का वेतन भुगतान किया जाय। यदि आवंटन नहीं हो तो शीघ्र ही मुख्यालय को इसकी सूचना दी जाए एवं संबंधित पदाधिकारी से दूरभाष से तुरंत संपर्क कर आवंटन भी ससमय प्राप्त की जाए। 

NSIT
Nsmch

अभिजीत की रिपोर्ट