पटना के खुशरूपुर में बड़ा हादसा, उफनती गंगा में स्नान करने गए तीन दोस्त डूबे

स्नान के दौरान अचानक एक दोस्त अंकुश गंगा की गहराई में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर दोनों दोस्तों ने बचाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों भी गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गए

 Drown in Ganga in Khusrupur
Drown in Ganga in Khusrupur- फोटो : news4nation

Bihar News :  राजधानी पटना के खुशरूपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर गंगा घाट पर रविवार को स्नान करने के दौरान तीन दोस्त गंगा में डूब गए। तीनों के गंगा की तेज धारा में लापता होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों की तलाश शुरू कर दी है।


जानकारी के मुताबिक, जगमाल बीघा गांव के रहने वाले तीन दोस्त रविवार को गंगा स्नान करने के लिए आदिलपुर घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक एक दोस्त अंकुश गंगा की गहराई में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर दोनों दोस्तों ने बचाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों भी गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गए और देखते ही देखते तीनों पानी में लापता हो गए।

Diarch GO


घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और तीनों युवकों के परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिजन गंगा घाट पर पहुंच गए। अपने बच्चों के गंगा में डूबने की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। घाट पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

NSIT
Nsmch

सूचना मिलने के बाद खुशरूपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ के जवानों ने गंगा में उतरकर लापता तीनों युवकों की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगा में इन दिनों पानी का बहाव काफी तेज है और कई स्थानों पर नदी की गहराई भी अधिक है। इसी वजह से रेस्क्यू टीम को तलाश अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।


खबर लिखे जाने तक तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। एसडीआरएफ की टीम लगातार गंगा में तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

रजनीश की रिपोर्ट