Bihar Crime News: नवादा में मासूम का कत्ल, 7 साल के आर्यन की आंखें फोड़ीं, तालाब किनारे मिली लाश, दरिंदगी से दहला इलाका

Bihar Crime News:महज़ 7 साल के मासूम आर्यन राज की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को जिस वहशियाना अंदाज़ में अंजाम दिया गया, उसने पूरे इलाके में दहशत और ग़म का माहौल पैदा कर दिया है।..

Nawada Child Murder Body Found Near Village Pond
मासूम का कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime News: नवादा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महज 7 साल के मासूम आर्यन राज की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को जिस वहशियाना अंदाज़ में अंजाम दिया गया, उसने पूरे इलाके में दहशत और ग़म का माहौल पैदा कर दिया है। मासूम का शव गांव के बाहर तालाब किनारे पड़ा मिला, जबकि उसकी दोनों आंखों से खून बह रहा था। इस खौफनाक मंजर को देखकर ग्रामीणों की रूह कांप उठी और पूरे गांव में मातम पसर गया।

यह दिल दहला देने वाली घटना नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के बौरी गांव की है। मृतक की पहचान गांव निवासी कारु चौधरी के सात वर्षीय बेटे आर्यन राज के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक आर्यन शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। जब काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की।

Diarch GO

रात के समय गांव के पश्चिम स्थित कब्रिस्तान के समीप तालाब किनारे आर्यन का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया। परिजनों का आरोप है कि मासूम के साथ बर्बरता की गई और उसकी आंखों को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त किया गया। आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काशीचक ले जाया गया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. सफीक आलम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात की खबर मिलते ही काशीचक थाना की पुलिस टीम थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि बच्चे की दोनों आंखों से खून बह रहा था। हालांकि मौत की असली वजह और आंखों में आई चोटों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

NSIT
Nsmch

फिलहाल पुलिस हत्या के हर पहलू की जांच कर रही है। बच्चे की किसी से रंजिश तो नहीं थी, परिवार के लोगों से किसी का विवाद था या फिर वारदात के पीछे कोई दूसरी साजिश है—इन सभी बिंदुओं पर तहकीकात जारी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद संभावित साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। एक मासूम की बेरहम हत्या ने कानून-व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब हर किसी की निगाह पुलिस की जांच पर टिकी है कि आखिर इस ख़ौफ़नाक वारदात के पीछे कौन है और मासूम आर्यन को इतनी बेरहमी से मौत के घाट क्यों उतारा गया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द कानून के शिकंजे में लाने की कोशिश की जा रही है।

रिपोर्ट- अमन कुमार