सुबह-सुबह गोलियों से दहला बिहार,घर के बाहर झाड़ू लगा रहे शख्स को बदमाश ने मारी गोली

Bihar Crime:बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सुबह सुबह बदमाश ने एक व्यक्ति को गोली मार दी....

सुबह-सुबह गोलियों से दहला बिहार,घर के बाहर झाड़ू लगा रहे शख्
सुबह-सुबह वारदात- फोटो : reporter

Muzaffarpur: घर के दरवाजे पर रोजमर्रा के काम में जुटे एक व्यक्ति पर बदमाश ने अचानक गोली चला दी।आज यानी शनिवार की सुबह अपराधियों के तांडव से इलाके में सनसनी फैल गई।  गोली लगने से 45 वर्षीय नागेश्वर ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना मुजफ्फरपुर जिले के सरैया अनुमंडल अंतर्गत जैतपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव के वार्ड संख्या-9 की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, नागेश्वर ठाकुर शनिवार की सुबह अपने घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला प्रिंस कुमार कथित तौर पर उनके दरवाजे पर पहुंचा और उन पर गोली चला दी।फायरिंग में गोली नागेश्वर ठाकुर के हाथ में लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घायल नागेश्वर ठाकुर को इलाज के लिए अस्पताल ले गए।

Diarch GO

बताया जा रहा है कि गोलीबारी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रिंस कुमार मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर जैतपुर थाना की पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल गोली चलाने का मकसद स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य वजह समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय स्तर पर यह बात सामने आ रही है कि गोली चलाने का आरोप जिस प्रिंस कुमार पर लगाया जा रहा है, वह पहले भी दो बार जेल जा चुका है। हालांकि उसके खिलाफ किन मामलों में कार्रवाई हुई थी और मौजूदा घटना से उसका क्या संबंध है, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल पुलिस घायल नागेश्वर ठाकुर के बयान और घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।सुबह के वक्त घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे व्यक्ति को गोली मारे जाने की इस वारदात ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना के कारणों तथा आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

NSIT
Nsmch

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा