मुंबई के करोड़ों के लूटकांड का बिहार से जुड़ा कनेक्शन, STF के खुलासे से मचा हड़कंप
Bihar Crime: बिहार एसटीएफ ने अंतरराज्यीय अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नवी मुंबई के खारघर में करीब एक करोड़ रुपये के डायमंड और गोल्ड लूटकांड के कथित सरगना को गिरफ्तार किया है।

Bihar Crime: मोतिहारी में बिहार एसटीएफ ने अंतरराज्यीय अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नवी मुंबई के खारघर में करीब एक करोड़ रुपये के डायमंड और गोल्ड लूटकांड के कथित सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के शिकंजे में आया आरोपी श्रीराम साह छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर का रहने वाला बताया गया है। महाराष्ट्र में वारदात के बाद पुलिस की नजरों से बचकर मोतिहारी पहुंचे श्रीराम साह को एसटीएफ ने शुक्रवार देर रात दबोच लिया।पुलिस के मुताबिक, खारघर थाने में 11 अगस्त को दर्ज लूटकांड में श्रीराम साह वांछित था। सूचना मिलते ही एसटीएफ ने उसके संभावित ठिकाने की घेराबंदी की और दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस के हाथ बड़ी मात्रा में सोने, हीरे और प्लेटिनम के आभूषण लगे। बरामद सामान का कुल वजन करीब 99.31 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा आरोपी के पास से 90 हजार रुपये नकद और 1170 नेपाली रुपये भी मिले।
बरामदगी में 17 हीरा और सोने की अंगूठियां, सोने की अंगूठी, लॉकेट, कान का स्टड, प्लेटिनम चेन, ब्रेसलेट का टुकड़ा और रिंग समेत कई जेवर शामिल हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि बरामद माल सिर्फ खारघर लूटकांड का हिस्सा है या शटरकटवा गिरोह की दूसरी वारदातों की भी काली कमाई इसमें शामिल है।
पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में गृह-भेदन से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। इससे उसके अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका और गहरी हो गई है।
अब जांच का फोकस गिरोह के दूसरे किरदारों पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खारघर से लूट का माल मोतिहारी तक कैसे पहुंचा, किसने आरोपी को पनाह दी और जेवर खपाने में कौन मददगार था। श्रीराम साह को न्यायालय में पेश करने के बाद मुंबई पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है। पूछताछ में गिरोह, लूट के माल और अपराध के पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम राज खुलने की उम्मीद है।















