Bihar Crime: ग्राहक बनकर आईं चार महिलाएं उड़ा ले गईं 3.5 लाख के जेवर, आरा में दिनदहाड़े सनसनीखेज चोरी, CCTV में कैद पूरा खेल

Bihar Crime: भोजपुर जिले के गड़हनी बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ज्वेलरी दुकान को दिनदहाड़े सुनियोजित चालाकी और ठगी का शिकार बना लिया गया। ...

Ara Jewellery Theft
चार महिलाएं उड़ा ले गईं 3.5 लाख के जेवर- फोटो : reporter

Bihar Crime:   भोजपुर जिले के गड़हनी बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ज्वेलरी दुकान को दिनदहाड़े सुनियोजित चालाकी और ठगी का शिकार बना लिया गया। शृंगार मार्केट स्थित ॐ ज्वेलर्स में चार महिलाओं ने ग्राहक बनकर एंट्री की और दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसने चोरी की इस साजिश का परत-दर-परत खुलासा कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, चारों महिलाएं बेहद शातिर अंदाज में दुकान में दाखिल हुईं और अलग-अलग तरह के गहने दिखाने की फरमाइश करने लगीं। दुकानदार जितेंद्र बाबू जब एक-एक कर आभूषण दिखाने में व्यस्त थे, तभी गिरोह की एक महिला ने चालाकी से कुछ जेवर अपने झोले में छिपा लिए। बाकी महिलाएं पूरी तरह सामान्य व्यवहार करती रहीं ताकि किसी को शक न हो।

Diarch GO

कुछ देर बाद सभी महिलाएं बिना किसी शक-संदेह के दुकान से निकल गईं। लेकिन जब दुकानदार ने स्टॉक का मिलान किया तो उनके होश उड़ गए—कई कीमती जेवर गायब थे। शक गहराने पर उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें साफ दिख रहा है कि एक महिला गहनों को देखते हुए उन्हें झोले में रख रही है और फिर सभी महिलाएं आराम से दुकान से बाहर निकल जाती हैं।

यह घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र की है और रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई बताई जा रही है। पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरी गए जेवरों की कुल कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये है। घटना के बाद इलाके में व्यापारियों के बीच दहशत और आक्रोश का माहौल है।

NSIT
Nsmch

दुकानदार ने मामले की लिखित शिकायत चरपोखरी थाना पुलिस को दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चोरी गए गहनों की बरामदगी और पूरे नेटवर्क की जांच की गुहार लगाई है।

पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस शातिर महिला गैंग का पर्दाफाश किया जाएगा। फिलहाल यह वारदात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

रिपोर्टर- आशीष कुमार