Bihar Crime : वैशाली पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी की अलग अलग घटनाओं का किया उद्भेदन, दो अपराधियों को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : वैशाली पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी की अलग अलग घटनाओं का उद्भेदन किया है. इस मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे

VAISHALI : जिले के देसरी और महनार थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग ट्रैक्टर चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्वेदन करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी की गई एक ट्रैक्टर भी बरामद कर ली गई है। इस संबंध में रविवार को महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 13 अक्टूबर 2025 की रात देसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरौवतपुर पेट्रोल पंप से अज्ञात चोरों द्वारा ट्रैक्टर चोरी की गई थी। मामले में देसरी थाना कांड संख्या 379/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के उद्वेदन के लिए एसडीपीओ महनार के नेतृत्व में देसरी थाना अध्यक्ष एवं जिला सूचना इकाई की एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
मानवीय एवं तकनीकी सूचना, साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों—महुआ थाना क्षेत्र के हसनपुर भदवास निवासी राजेश सहनी (पुत्र: जवाहर साहनी) और महनार थाना क्षेत्र के रूप नारायणपुर करनौती निवासी यदुनाथ कुमार (पुत्र: शिव प्रसाद यादव)—को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की गई ट्रैक्टर भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में दोनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने गिरोह के अन्य सदस्यों—सतीश कुमार एवं दिनेश कुमार—का नाम भी उजागर किया। दोनों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस छापेमारी कर रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी यदुनाथ कुमार ने महनार थाना कांड संख्या 76/25 में दर्ज एक अन्य ट्रैक्टर चोरी की घटना में भी अपनी भूमिका स्वीकार की है। उसने बताया कि चोरी की गई ट्रैक्टर को पातेपुर के तिलौर गांव निवासी विकास सहनी को बेचा गया था। साथ ही आरोपी यदुनाथ वर्ष 2021 में महनार थाना क्षेत्र के करनौती में हुई सुप्रिया हत्याकांड का भी अभियुक्त रह चुका है और जेल जा चुका है। पुलिस टीम आगे के अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी कर रही है।
वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट
















