Bihar Road Accident: कार-E-रिक्शा की सीधी भिड़ंत, बच्चों समेत 8 घायल, कई की हालत नाजुक
Bihar Road Accident: तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सवार बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए...

Bihar Road Accident: वैशाली गोरौल-कटहरा सड़क मार्ग पर बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। चकव्यास गांव के समीप तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सवार बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि कार में सवार कई लोग भी जख्मी हो गए। हादसे में आठ से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया।जानकारी के अनुसार पातेपुर थाना क्षेत्र के गंगाचक बरियारपुर गांव निवासी सूरज कुमार अपने परिवार के साथ गोरौल स्थित ससुराल आए थे। परिवार के साथ ई-रिक्शा पर सवार होकर वह वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चकव्यास गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। ई-रिक्शा पर सवार 5 वर्षीय सुधांशु कुमार, 4 वर्षीय सान्वी कुमारी, 30 वर्षीय सूरज कुमार, 31 वर्षीय सुलेखा कुमारी और 52 वर्षीय मुकेश सिंह घायल बताए गए हैं।वहीं कार में सवार सलोनी कुमारी और प्रिशा सोहा समेत अन्य लोग भी हादसे में जख्मी हुए हैं। बच्चों के घायल होने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोरौल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अवर निरीक्षक शिवम कुमारी और अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए गोरौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति वाले घायलों को बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के बीच भी हादसे के बाद बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि टक्कर की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच यह दुर्घटना एक बार फिर रफ्तार पर लगाम और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को उजागर करती है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार















